G News 24 : रांची समेत पूरे प्रदेश में 'झारखंड बंद' का व्यापक असर, सड़कों पर उतरे भाजपाई !

 छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बीजेपी ने आज ,11 अगस्त को झारखंड बंद ...

रांची समेत पूरे प्रदेश में 'झारखंड बंद' का व्यापक असर, सड़कों पर उतरे भाजपाई !

छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बीजेपी ने आज यानी 11 अगस्त को झारखंड बंद बुलाया है, जिसका राजधानी रांची समेत पूरे प्रदेश में व्यापक असर देखने को मिल रहा है. सुबह से ही बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर हैं. वहीं, झारखंड बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू और बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया.

JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर छात्रों का आंदोलन 17वें दिन भी नहीं थमा. सोमवार (10 अगस्त) को विधानसभा घेराव के दौरान हुए लाठीचार्ज के बाद मामला और गरमा गया. छात्रों पर हुई कार्रवाई के विरोध में बीजेपी ने आज यानी 11 अगस्त को झारखंड बंद बुलाया है. सुबह से ही पूरे प्रदेश में इसका असर देखने को मिल रहा है. राजधानी रांची समेत सभी जिलों में सुबह से ही बीजेपी कार्यकर्ता इस बंद को सफल बनाने में लगे हैं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं. 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की. उन्होंने एक्स पर लिखा कि आपने अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाई. सरकार ने आपकी बात सुनी है. मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि आपकी मांगों पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई होगी. इतना ही नहीं उन्होंने रांची पुलिस की काफी तारीफ की है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिखा कि छात्र आंदोलन के दौरान संयम, संवेदनशीलता और पूरी जिम्मेदारी के साथ स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन और पुलिस के सभी अधिकारियों एवं जवानों का मैं धन्यवाद करता हूं.

झारखंड छात्र आंदोलन की आवाज संसद तक पहुंची

झारखंड में आंदोलनकारी छात्रों पर हुई लाठीचार्ज के मुद्दे पर अब सियासत शुरू हो गई है. इस मुद्दे पर बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी को घेरते हुए कहा कि झारखंड के युवाओं के साथ न्याय हो. उन पर जिस तरह से अत्याचार किया गया ये राहुल गांधी की सोच दिखाती है.

राजधानी रांची के अधिकांश निजी स्कूलों ने स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है. स्कूल प्रबंधन की ओर से अभिभावकों को इसकी जानकारी दे दी गई है. बंद के कारण स्कूलों में नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होंगी.

बीजेपी के झारखंड बंद पर जेएमएम का पलटवार

जेपीएससी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बीजेपी ने आज झारखंड बंद बुलाया है. बंद को लेकर आज सुबह से ही भाजपा के नेता और कार्यकर्ता बंद को सफल बनाने में जुटे हैं. इस पर जेएमएम ने पलटवार करते हुए कहा कि झारखंड में भारतीय जनता पार्टी का जनाधार समाप्त हो गया है. बीजेपी की स्थिति उस लोमड़ी की तरह है जो शेर के बचे हुए खाने से अपना पेट भरती है. छात्रों के इस आंदोलन को बीजेपी ने घुसपैठ करके मिस लीड किया है. छात्रों की मांग जायज है. छात्र हमारे हैं. हमारी वार्ता भी हुई है, लेकिन छात्र थोड़े दिग्भ्रमित हुए हैं. हम आज भी अपील करते हैं और हम उनके साथ हैं.

मेदिनीनगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया सड़क जाम

JPSC और JSSC CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी और घोटाले के आरोपों तथा आंदोलन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुलाए गए झारखंड बंद का असर पलामू में भी देखने को मिला. मेदिनीनगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंद के समर्थन में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. मेदिनीनगर शहर में भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता सुबह करीब 8 बजे से ही सड़क पर उतर गए. कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख छहमुहान चौक और रेड़मा चौक को जाम कर दिया, जहां यातायात प्रभावित है. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने JPSC और JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम यात्री बस स्टैंड पहुंचे

झारखंड बंद का असर आईटीआई बस स्टैंड पर सुबह से ही दिखा. सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम यात्री स्टैंड पहुंचे. बस कंडक्टर और ड्राइवर यात्री का इंतजार करते रहे. यात्री कम पहुंचने के कारण सुबह कई बसें खाली ही निकली. गुमला की कई बस आठ-दस यात्री लेकर ही निकले. कम यात्री पहुंचने के कारण स्टैंड सुना रहा.

विपक्ष के बहकावे में न आएं:सीएम हेमंत सोरेन

छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं से विपक्ष के बहकावे में नहीं आने की अपील की है. मुख्यमंत्री ने छात्रों को आगाह करते हुए अपील की कि वे विपक्ष के राजनीतिक नैरेटिव और भड़काने वाले मनसूबों के बहकावे में न आएं, बल्कि सरकार के साथ संवाद और विश्वास के जरिए इस समस्या का स्थायी समाधान निकालें.

झारखंड बंद के मद्देनजर बंद रहेंगे स्कूल

जेपीएससी छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बीजेपी ने आज यानी 11 अगस्त को झारखंड बंद बुलाया है. सुबह से ही पूरे प्रदेश में बंद का असर देखने को मिल रहा है. बंद को देखते हुए राजधानी रांची समेत सभी 24 जिलों में आज स्कूलों की छुट्टी रहेगी. छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में ABVP के छात्र आज पुराने विधानसभा से नए विधानसभा भवन तक मार्च निकालेंगे.

 झारखंड बंद को सफल बनाने के लिए सड़कों पर उतरे भाजपाई

रांची में छात्रों के आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में बीजेपी ने आज झारखंड बंद बुलाया. सिमडेगा में सुबह से ही इसका असर देखने को मिल रहा है. बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिमडेगा बस स्टैंड पहुंचकर यात्री बसों का परिचालन रोक दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. केरसई में भाजपाइयों ने सड़क पर टायर जलाकर जाम किया. बसों का परिचालन बाधित होने से यात्रियों को परेशानी हुई. बंद को देखते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई.

पुलिस ने संयम बरता- DC मंजूनाथ भजंत्री 

JPSC छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर रांची के DC मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि पुलिस ने संयम बरतते हुए बल प्रयोग से बचने की कोशिश की, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पत्थरबाजी और धक्का-मुक्की की. उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को उकसाने का प्रयास किया. एक पुलिस जवान पर पत्थर फेंका गया, जबकि भीड़ ने एक अन्य जवान को कुचलने की कोशिश की, जिससे उसकी जान खतरे में पड़ गई. जवान को सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.

बीजेपी ने झारखंड बंद का ऐलान किया

JPSC छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बीजेपी ने आज यानी 11 अगस्त को झारखंड बंद का ऐलान किया है. झारखंड बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू और बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया. उनका कहना था कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग नहीं होना चाहिए था. पार्टी ने लोगों से झारखंड बंद का समर्थन करने की अपील भी की.

Reactions

Post a Comment

0 Comments