G News 24 : मेहनत और आत्मविश्वास से बदली आर्थिक स्थिति, अब दूसरों तक पहुँचा रहे शुद्ध पेयजल !

 मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से मिला स्वरोजगार का संबल...

मेहनत और आत्मविश्वास से बदली आर्थिक स्थिति, अब दूसरों तक पहुँचा रहे शुद्ध पेयजल !

ग्वालियर।  जहाँ चाह है वहाँ राह भी है। घाटीगाँव विकासखंड के श्री एकांक कौरव भी अपने जीवन को और बेहतर बनाने की चाहत में निरंतर प्रयासरत थे। उनके प्रयासों को पंख देने का कार्य किया है मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना ने। श्री कौरव ने घाटीगांव क्षेत्र में विभिन्न संस्थाओं में पानी पहुँचाने का कार्य प्रारंभ किया। इस कार्य के लिये उसे एक माल वाहक वाहन की आवश्यकता थी, जिससे वह अधिक से अधिक संस्थानों तक पानी की कैन पहुँचा सके। आर्थिक परेशानी के कारण उसकी इस समस्या का निदान नहीं हो रहा था। लेकिन जब उसे विभागीय अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की जानकारी दी गई तो उसके चेहरे पर रौनक आ गई। 

घाटीगांव के निवासी एकांक कौरव ने तत्काल ही सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया बरई शाखा में संपर्क किया और मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत माल वाहक वाहन के लिये ऋण आवेदन प्रस्तुत किया। बैंक के अधिकारियों द्वारा उसे महत्वपूर्ण जानकारी देने के साथ-साथ 3 लाख 75 हजार रुपए का ऋण भी स्वीकृत किया। ऋण मिलते ही एकांक ने तीन पहिया माल वाहक वाहन खरीदा और आसपास के क्षेत्र में पानी की बोतल व कैन पहुँचाने का कार्य प्रारंभ किया। उसके सार्थक प्रयास और लगन से उसके व्यवसाय को प्रगति मिली और आज वह घाटीगांव क्षेत्र के अनेक संस्थानों में शुद्ध पेयजल की कैन पहुँचाने का कार्य कर रहा है। 

एकांक कौरव का कहना है कि ऋण पर वाहन मिलने से अब उसे अपने काम में न केवल सुविधा मिली है बल्कि उसकी आर्थिक स्थिति में भी प्रगति हुई है। बैंक ऋण की किस्त देने के पश्चात भी उसे और उसके परिवार के लिये पर्याप्त राशि प्राप्त होती है। श्री कौरव अब पूरे आत्मसम्मान के साथ सुबह से ही अपना वाहन लेकर लोगों के संस्थानों पर पानी की बोतल व कैन पहुँचाने का कार्य सुचारू रूप से कर रहे हैं। उनका कहना है कि युवा अगर चाहें तो शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता प्राप्त कर अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर सकते हैं और अपने परिवार में खुशहाली ला सकते हैं। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति युवाओं के लिये इस प्रकार की योजनायें संचालित करने पर श्री कौरव धन्यवाद भी ज्ञापित करते हैं। 

Reactions

Post a Comment

0 Comments