G NEWS 24 : ग्वालियर की लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर बांधी स्नेह और विश्वास से भरी राखियां

प्रदेश की हर बहन की खुशहाली का संकल्प दोहराया...

ग्वालियर की लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर बांधी स्नेह और विश्वास से भरी राखियां

ग्वालियर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर ग्वालियर की लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कलाई पर स्नेह और विश्वास से भरी राखियां बांधीं। बहनों के हाथों से बंधे रक्षा सूत्र ने भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते को भावुक बना दिया। इस अवसर पर लाड़ली बहनों ने रक्षाबंधन के उपहार स्वरूप लाड़ली बहना योजना के तहत अतिरिक्त धनराशि देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव को धन्यवाद पत्र भी भेंट किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद देते हुए कहा कि भाई-बहन का रिश्ता केवल एक पर्व तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवनभर के स्नेह, विश्वास और जिम्मेदारी का रिश्ता है। 

राखी का यह पवित्र धागा उन्हें निरंतर याद दिलाता रहेगा कि मध्यप्रदेश की प्रत्येक बहन उनके अपने परिवार का हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की हर बहन के चेहरे पर मुस्कान हो, बेटियां सुरक्षित रहें, आत्मनिर्भर बनें और अपने सपनों को पूरा करते हुए आगे बढ़ें, इसके लिए प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बहनों के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और खुशहाली के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पर रक्षाबंधन के अवसर पर उस समय भावुक दृश्य बन गया, जब सीआईएसएफ की दो महिला सुरक्षा कर्मियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से राखी बंधवाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने सहर्ष अपनी कलाई आगे बढ़ाई और दोनों महिला सुरक्षा कर्मियों से राखी बंधवाई। भाई की रस्म निभाते हुए उन्होंने दोनों को मिठाई और उपहार भी भेंट किए।

एयर टर्मिनल पर तैनात महाराष्ट्र निवासी रासकर अश्विनी और राजस्थान निवासी पूनम यादव इस बार रक्षाबंधन पर अपने घर नहीं जा पा रही थीं। अपनों से दूर होने की कसक के बीच मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधते समय दोनों भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के पर्व पर उन्हें भाई की कमी महसूस नहीं होने दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को भिंड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में गोदरेज की चौथी इकाई का शुभारंभ करने पहुंचे थे। इसी सिलसिले में वे विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के साथ ग्वालियर स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पहुंचे थे।

इस अवसर पर कुक्कुट विकास निगम अध्यक्ष केशव सिंह बघेल, जीडीए अध्यक्ष मधुसूदन सिंह भदौरिया, महर्षि पतंजलि बोर्ड अध्यक्ष कौशल शर्मा, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण प्रेम सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं एयर टर्मिनल पर संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक असित यादव, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, एडीएम सी.बी. प्रसाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Reactions

Post a Comment

0 Comments