G NEWS 24 : बलराम महोत्सव के आमंत्रण को लेकर गांव-गांव पहुंचे अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र सिंह यादव

अब तक प्रदेश के 22 जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित...

बलराम महोत्सव के आमंत्रण को लेकर गांव-गांव पहुंचे अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र सिंह यादव

ग्वालियर। आगामी 2 सितंबर को कृषि उपज मंडी, ग्राम बेहट, मुरार में बलराम जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले बलराम महोत्सव को लेकर ग्रामीण क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। महोत्सव में अधिक से अधिक किसानों और ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने ग्वालियर ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों और किसानों को कार्यक्रम के लिए आत्मीयता से आमंत्रित किया। बलराम महोत्सव के आयोजन की परंपरा नंदलाल बाल कल्याण समिति द्वारा वर्ष 2006 से निरंतर निभाई जा रही है। इसी परंपरा और कृषि एवं किसान कल्याण की भावना को आगे बढ़ाते हुए मध्यप्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को कृषि कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के प्रत्येक जिले में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में अब तक प्रदेश के 22 जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा चुके हैं। अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि बलराम महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि अन्नदाता किसान के सम्मान, कृषि संस्कृति और ग्रामीण विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मध्यप्रदेश सरकार किसान हित और कृषि क्षेत्र के विकास को लगातार प्राथमिकता दे रही है। किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को सशक्त बनाने, आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान बलराम भारतीय कृषि संस्कृति और किसान जीवन के प्रतीक हैं। उनकी जयंती के अवसर पर आयोजित यह महोत्सव किसानों के सम्मान के साथ-साथ नई पीढ़ी को कृषि परंपराओं और ग्रामीण संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। महेंद्र सिंह यादव ने ग्राम जनकपुर, पिछोर, जंगीपुर, भगेह, लखनौती, गिजौर्रा, मेहगांव, बहादुरपुर, डांग घुटीना, बरेठा, कच्छपुरा और भोगीपुरा में जनसंपर्क कर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों को 2 सितंबर को बेहट में आयोजित होने वाले बलराम महोत्सव की जानकारी दी और परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया।

Reactions

Post a Comment

0 Comments