7 अगस्त तक भेजी जा सकेंगी प्रविष्टियां...
नारी सशक्तिकरण मिशन के लिए लोगो डिज़ाइन प्रतियोगिता शुरू...
ग्वालियर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदेश में संचालित 'नारी सशक्तिकरण मिशन' के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए राष्ट्रीय स्तर की लोगो डिज़ाइन प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं के सशक्तिकरण, उनके सर्वांगीण विकास और 'महिला नेतृत्व आधारित विकास' (Women-Led Development) की अवधारणा को रचनात्मक रूप से प्रदर्शित करने वाला आकर्षक एवं मौलिक लोगो तैयार करना है। प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग के नागरिक भाग ले सकते हैं।
इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां आधिकारिक पोर्टल mp.mygov.in के माध्यम से 7 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही प्रविष्टि भेज सकेगा तथा डिज़ाइन पूरी तरह मौलिक होना अनिवार्य होगा। विभाग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार लोगो रंगीन, उच्च गुणवत्ता (600 डीपीआई) वाला तथा जेपीजी अथवा पीएनजी प्रारूप में होना चाहिए। लोगो का आकार न्यूनतम 5×5 सेंटीमीटर और अधिकतम 30×30 सेंटीमीटर निर्धारित किया गया है, ताकि इसका उपयोग शासकीय पत्राचार, सोशल मीडिया, होर्डिंग्स, ब्रोशर एवं अन्य प्रचार सामग्री में आसानी से किया जा सके। किसी भी प्रकार के वॉटरमार्क युक्त डिज़ाइन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ लोगो डिज़ाइन को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा चार अन्य उत्कृष्ट प्रविष्टियों को 5-5 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को ई-सर्टिफिकेट भी उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग ने बताया कि चयनित विजेताओं को पुरस्कार प्राप्त करने के लिए अपने डिज़ाइन की संपादन योग्य (Editable) फाइल उपलब्ध करानी होगी। अंतिम रूप से चयनित लोगो के सभी कॉपीराइट महिला एवं बाल विकास विभाग, मध्यप्रदेश के पास सुरक्षित रहेंगे।



0 Comments