G NEWS 24 : नकली सोना बेचकर 16 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार !

ठगी की पूरी रकम और सोना-चांदी के आभूषण बरामद...

नकली सोना बेचकर 16 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार !

ग्वालियर। मुरार थाना पुलिस ने नकली सोना बेचकर सराफा कारोबारी से 16 लाख रुपये की ठगी करने वाले राजस्थान के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की पूरी राशि, सोना-चांदी के आभूषण सहित करीब 16 लाख रुपये का माल बरामद किया है। मामले में दोनों आरोपियों से अन्य राज्यों में हुई इसी प्रकार की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों और ठगी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई के तहत मुरार थाना पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया। 

फरियादी विकास जैन, निवासी सदर बाजार मुरार एवं आर.के. ज्वैलर्स के संचालक ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 जुलाई को दो व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचे और स्वयं को पुश्तैनी सोने के आभूषण बेचने वाला बताकर लगभग 130 ग्राम वजनी सात तवजिया बेचने का सौदा किया। जांच के दौरान आभूषणों की कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई, जिसके बाद आरोपियों को 10 लाख 50 हजार रुपये नकद तथा शेष राशि के बदले सोने-चांदी के आभूषण दे दिए गए। 

दुकान से जाने के बाद जब तथाकथित सोने की दोबारा जांच की गई तो वह पूरी तरह नकली निकला। इसके बाद फरियादी और अन्य व्यापारियों ने आरोपियों की तलाश शुरू की।  आकाशवाणी चौराहे के पास एक आरोपी सुंदर भोपा को पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी रामलाल उर्फ चांदवीर फरार हो गया। सूचना मिलने पर मुरार थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर प्रकरण दर्ज किया और फरार आरोपी की तलाश शुरू की। 

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा, सीएसपी मुरार संदीप बांगरे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मैना पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी रामलाल उर्फ चांदवीर को सात नंबर चौराहा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ठगी में प्राप्त 10.50 लाख रुपये नकद, लगभग 20 ग्राम वजनी दो जोड़ी सोने की झुमकियां, 400 ग्राम चांदी की दो करधौनियां तथा 500 ग्राम चांदी के दो कड़े बरामद किए।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सुंदर भोपा (65) निवासी ग्राम केशरोली, जिला अलवर (राजस्थान) तथा रामलाल उर्फ चांदवीर भोपा (56) निवासी कानबड़ोदा, कटूमर, जिला अलवर (राजस्थान) के रहने वाले हैं। दोनों आरोपियों से अन्य राज्यों में इस तरह की ठगी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मैना पटेल, उपनिरीक्षक ब्रह्मानंद शर्मा, प्रधान आरक्षक हरवीर यादव, प्रधान आरक्षक अर्चना कंसाना, आरक्षक संजय गुर्जर, राहुल जाट, देवेंद्र साहू, जसवीर गुर्जर एवं प्रदीप यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Reactions

Post a Comment

0 Comments