G NEWS 24 : जिले के अंदर ही नहीं संभाग के दूसरे जिलों के लिए भी मिलेगा शव वाहन : कलेक्टर

टोल फ्री नंबर 155334 पर मिलेगी सेवा...

जिले के अंदर ही नहीं संभाग के दूसरे जिलों के लिए भी मिलेगा शव वाहन : कलेक्टर

ग्वालियर। कलेक्टर रुचिका सिंह चौहान के निर्देशन में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनहितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एम.एस. सागर ने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार संचालित नि:शुल्क शव वाहन सेवा के दायरे का विस्तार किया गया है। अब यह सुविधा केवल ग्वालियर जिले तक सीमित न रहकर संभाग के अन्य जिलों तक भी उपलब्ध रहेगी, जिससे शोकाकुल परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

सीएमएचओ डॉ. सागर ने बताया कि यह सेवा उन मरीजों के लिए उपलब्ध है, जिनकी शासकीय अस्पतालों में उपचार के दौरान मृत्यु हो जाती है। योजना का उद्देश्य मृतक के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके निवास स्थान अथवा अंतिम संस्कार स्थल तक नि:शुल्क पहुंचाना है। यह सुविधा ग्वालियर के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों, जिला अस्पताल तथा मेडिकल कॉलेज सहित अन्य सरकारी अस्पतालों में उपचाररत मरीजों के लिए लागू है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में शव वाहन सेवा केवल ग्वालियर जिले की सीमा के भीतर ही उपलब्ध थी, लेकिन शासन द्वारा किए गए संशोधन के बाद अब यदि किसी मरीज की मृत्यु ग्वालियर के शासकीय अस्पताल या मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान होती है, तो उनके परिजन नि:शुल्क शव वाहन के माध्यम से संभाग के अन्य जिलों अथवा समीपवर्ती जिलों तक भी पार्थिव शरीर ले जा सकेंगे।

सीएमएचओ ने नागरिकों से अपील की है कि आवश्यकता पड़ने पर शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस नि:शुल्क सेवा का लाभ उठाएं। शव वाहन की सुविधा प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 155334 पर कॉल कर वाहन बुलाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य शोक की घड़ी में परिजनों को सम्मानजनक और सहज परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments