अशोक वर्णवाल को मुख्य सचिव बनाये जाने के 24 घंटे के बाद हुई बड़ी प्रशासनिक सर्जरी...
शुक्रवार की आधी रात को 20 आईएएस अधिकारियों के कर दिये तबादले,6 कलेक्टर हटाये गये !
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने शुक्रवार की आधी रात 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिये है। अशोक वर्णवाल को मुख्य सचिव बनाये जाने के 24 घंटे के बाद हुई बड़ी प्रशासनिक सर्जरी में 6 कलेक्टर हटाये गये है। एसीएस डॉ. राजेश राजौर को प्रशासन अकादमी का महानिदेशक बनाया गया है। इन्दौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम पी खाडे को सीएम सचिवालय में सचिव की जिम्मेदारी दी गयी है। जबकि भास्कर लक्षकार नये इन्दौर संभागायुक्त होंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के आदेशा क अनुसार सीएम के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर्स समिति की कमान सौंपी गयी है। इसके साथ ही उन्हें उद्योग एवं एमएसएमई विभाग की दायित्व भी दिया गया है। यह विभाग अभी तक प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह के पास था।
6 कलेक्टर हटाये गये
शासन ने रतलाम में अजय कटेसरिया, शहडोल में मिशा सिंह, अनूपपुर में रत्नाकर झा, खरगोन में गुरूप्रसाद, मंदसौर में दिव्यांक सिंह और आगर मालवा में डॉ. शेर सिंह मीना को कलेक्टर बनाया गया है। इसी आदेश में शहडोल कलेक्टर केदार सिंह को अपर सचिव, पीडब्ल्यूडी में भेजा गया है। मंदसौर कलेक्टर आदिति गर्ग को ओएसडी सह आयुक्त, खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग और आगर मालवा कलेक्टर प्रीति यादव को औद्योगिक विकास निगम, इंदौर का कार्यकारी संचालक बनाया गया है। खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल को 2 साल की स्टडी लीव पर चली गयी है। इसलिये वहां गुरू प्रसाद को नयी जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
UCC ड्राफ्ट बनाने वाले कटेसरिया बने रतलाम कलेक्टर
सामान्य प्रशासन विभाग के अपर सचिव अजय कटेसरिया को रतलाम का कलेक्टर बनाया गया है। सरकार ने उनकी मेहनत का इनाम देते हुए पहली बार जिले की कमान सौंपी है। पहले दस साल तक बंद पड़ी पदोन्नति की प्रक्रिया के लिए उन्होंने पदोन्नति नियम-2025 तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली समान नागरिक संहिता (UCC) का ड्राफ्ट तैयार करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संदीप यादव को जल संसाधन, NVD की जिम्मेदारी ई. रमेश कुमार को
एमडी कृषि उपज मंडी कुमार पुरुषोत्तम को मंडी बोर्ड के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव बनाया गया है। मुख्यमंत्री के विश्वस्त अधिकारी संदीप यादव को जल संसाधन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। अब केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध परियोजनाओं की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी।
शुक्रवार को डॉ. राजेश राजौरा को प्रशासन अकादमी का महानिदेशक बनाया गया था। उनके पास जल संसाधन और नर्मदा घाटी विकास (NVD) विभाग की जिम्मेदारी भी थी। जल संसाधन विभाग अब संदीप यादव को सौंपा गया है, जबकि NVD का प्रभार प्रमुख सचिव ई. रमेश कुमार को दिया गया है। वे राजस्व विभाग के साथ यह जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
ऊर्जा विभाग मनीष सिंह को, PHE की जिम्मेदारी सचिन सिन्हा को
राज्य सरकार ने अहम विभागों में भी बदलाव किया है। प्रशासन अकादमी के महानिदेशक पद से सचिन सिन्हा को हटाकर उन्हें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं नीरज मण्डलोई से ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी वापस लेकर यह विभाग प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मनीष सिंह को अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपा गया है।
राघवेंद्र सिंह अब वन विभाग के प्रमुख सचिव
पिछले ढाई साल से औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग संभाल रहे राघवेंद्र सिंह को वन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। उन्हें आनंद विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
17 महिला कलेक्टर थीं, अब संख्या घटकर 15
प्रदेश के 55 जिलों में एक माह पहले तक 17 महिला कलेक्टर पदस्थ थीं। अब यह संख्या घटकर 15 रह गई है। खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल दो साल की स्टडी लीव पर चली गई हैं। वहीं मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग और आगर मालवा कलेक्टर प्रीति यादव से कलेक्टरी लेकर उन्हें भोपाल पदस्थ किया गया है। दूसरी ओर मिशा सिंह को शहडोल का कलेक्टर बनाया गया है, जिससे महिला कलेक्टरों की संख्या में एक पद की भरपाई हुई।



0 Comments