पंजाब, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में शिक्षामंत्रियों का इस्तीफा मांगा जा रहा है...
धर्मेंद्र प्रधान के बाद इन 3 राज्यों में बवाल,हो रही है शिक्षामंत्रियों के इस्तीफे की मांग !
नीट पेपर लीक को लेकर हुए कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने शिक्षामंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया. उनकी जगह प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. इस बीच तीन राज्यों में अलग-अलग मामलों को लेकर शिक्षामंत्री का इस्तीफा मांगा जा रहा है- आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पंजाब.
YSR कांग्रेस पार्टी के चीफ जगन मोहन रेड्डी ने DSC भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर आंध्र प्रदेश के शिक्षामंत्री नारा लोकेश से इस्तीफा देने की मांग की. हालांकि, नारा लोकेश ने रविवार को जगन की इस मांग को खारिज करते हुए कहा कि जो लोग नैतिक जिम्मेदारी का पाठ पढ़ा रहे हैं, उनका अपना रिकॉर्ड इससे बिल्कुल अलग है.
जगन ने पूछा- नारा लोकेश देंगे इस्तीफा? मिला ये जवाब
जगन ने X पर एक पोस्ट में कहा था, 'नीट पेपर लीक मामले में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया और NDA सरकार के तहत राजनीतिक जवाबदेही का एक मानक स्थापित किया. अब आंध्र प्रदेश में भी ऐसा हो.' पूर्व सीएम ने पूछा कि क्या नारा लोकेश जिला चयन समिति (DSC) परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देंगे, या फिर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू राजनीतिक जवाबदेही के NDA के मानकों को बनाए रखने के बजाय अपने बेटे का बचाव करेंगे. नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि करीब 3.5 लाख अभ्यर्थियों की DSC परीक्षा में गंभीर अनियमितताएं हुईं. जगन के आरोपों का जवाब देते हुए नारा लोकेश ने X पर लिखा, 'कुछ लोग नैतिक जिम्मेदारी पर भाषण देते हैं, लेकिन उनका अपना रिकॉर्ड बिल्कुल अलग कहानी बताता है.'
तेलंगाना में बीजेपी ने मांगा शिक्षामंत्री का इस्तीफा !
तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से शिक्षामंत्री के पद से इस्तीफा मांगा है. तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि अगर राज्य सरकार विद्यार्थियों की ट्यूशन फीस री-इंबर्समेंट योजना के तहत लंबित 12,000 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं कर सकती तो मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को शिक्षा विभाग अपने पास नहीं रखना चाहिए. राव ने 25 जुलाई को नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा हैदराबाद में निकाली गई रैली पर आपत्ति जताते हुए कहा कि अगर कांग्रेस सरकार करीब 20 लाख छात्रों से जुड़ी इस योजना के लंबित बकाये का भुगतान नहीं करती है, तो उसे जनता के भारी विरोध का सामना करना पड़ेगा.
पंजाब में बीजेपी ने मांगा शिक्षामंत्री का इस्तीफा !
दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने रविवार को पंजाब के उस मंत्री के इस्तीफे की मांग की, जिसके विभाग से कथित परीक्षा पेपर लीक का मामला जुड़ा है. उन्होंने इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया. सिरसा ने आरोप लगाया, 'लाखों रुपये' के लेन-देन के बाद फार्मेसी परीक्षा का पेपर लीक हुआ और दावा किया कि इससे लगभग 7,000 छात्र प्रभावित हुए हैं. मनीष सिसोदिया का जिक्र करते हुए सिरसा ने दावा किया कि 18 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान सिसोदिया ने कहा था कि अगर आप सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक होता है, तो संबंधित मंत्री को हटा दिया जाएगा. हालांकि, सिरसा ने आरोप लगाया कि कथित पेपर लीक के बाद संबंधित मंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई.



0 Comments