G NEWS 24 : सांदीपनि विद्यालय में महर्षि सांदीपनि पर्व एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव का हुआ आयोजन

गुरुजनों और मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान...

सांदीपनि विद्यालय में महर्षि सांदीपनि पर्व एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव  का हुआ आयोजन

ग्वालियर। मलगढ़ा स्थित सांदीपनि कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में महर्षि सांदीपनि पर्व एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि गुरुजन हमारे जीवन को सफल और सार्थक बनाते हैं, इसलिए भारतीय संस्कृति में उन्हें सर्वोच्च स्थान दिया गया है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उत्कृष्ट शिक्षकों, बोर्ड परीक्षा में मेरिट प्राप्त विद्यार्थियों तथा नव नियुक्त शिक्षकों का सम्मान किया गया। 

कार्यक्रम में विधायक मोहन सिंह राठौर, कलेक्टर रुचिका चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, संयुक्त संचालक हरिओम चतुर्वेदी, जिला शिक्षा अधिकारी स्वीटी मंगल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने छात्राओं से बड़ा सोचने, कड़ी मेहनत करने और गुरुजनों के मार्गदर्शन में अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। 

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी तथा मध्यप्रदेश नई शिक्षा नीति लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि प्रभारी मंत्री ने स्वयं गुरुजनों के पास जाकर शॉल, श्रीफल और पुष्पहार से उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा पर सम्मान अतिथियों का नहीं, बल्कि गुरुजनों का होना चाहिए।

इस अवसर पर छात्राओं ने महर्षि सांदीपनि पर आधारित लघु नाटिका, सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विज्ञान प्रदर्शनी में एआई तकनीक, जल शोधन संयंत्र, रॉकेट लॉन्चर, कंप्यूटर एवं अन्य मॉडलों को भी सराहा गया। कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री एवं अतिथियों ने छात्राओं के साथ सुरुचि भोज में सहभागिता की तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Reactions

Post a Comment

0 Comments