G News 24 : पेट्रोल-डीजल की टेंशन होगी खत्म,भारत संग वेनेजुएला की होने जा रही है बड़ी डील !

 वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचीं...

पेट्रोल-डीजल की टेंशन होगी खत्म,भारत संग वेनेजुएला की होने जा रही है बड़ी डील !

नई दिल्ली. भारत की पेट्रोल और डीजल को लेकर चिंता आने वाले समय में कुछ कम हो सकती है. इसकी वजह दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडार वाले देशों में शामिल वेनेजुएला है. अगर भारत और वेनेजुएला के बीच ऊर्जा क्षेत्र में बड़े समझौते होते हैं, तो भारत को कच्चे तेल के लिए केवल रूस और खाड़ी देशों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. इसी कड़ी में वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज 3 से 7 जून तक भारत के दौरे पर हैं. इस दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा, तेल आपूर्ति, निवेश और व्यापार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. माना जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान कई अहम समझौते भी हो सकते हैं.

अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव का असर वैश्विक तेल बाजार और सप्लाई चेन पर लगातार पड़ रहा है. ऐसे हालात में भारत अपने ऊर्जा स्रोतों को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है, ताकि किसी एक या दो देशों पर ज्यादा निर्भरता न रहे. वेनेजुएला तेल उत्पादन और भंडार के मामले में दुनिया के सबसे समृद्ध देशों में गिना जाता है. हाल के महीनों में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े जोखिमों के बीच भारत ने वेनेजुएला से तेल आयात बढ़ाया है. इसी कारण भारत वेनेजुएला के तेल का प्रमुख खरीदार बनकर उभरा है.

नई दिल्ली पहुंचने पर जताई खुशी

नई दिल्ली पहुंचने के बाद डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि वह भारत आकर बेहद खुश हैं. उन्होंने भारत को एक साहसी, आध्यात्मिक और वैश्विक अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला देश बताया. उन्होंने कहा कि वेनेजुएला भारत के लिए शांति, मित्रता और सहयोग का संदेश लेकर आया है. साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि इस दौरे के दौरान होने वाली बैठकें दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करेंगी.

वेनेजुएला की जरूरतों को लेकर होगी चर्चा

डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि उनके भारत दौरे का एजेंडा काफी व्यापक और महत्वपूर्ण है. उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच सहयोग के उन क्षेत्रों पर चर्चा की जाएगी, जो वेनेजुएला के लोगों की प्राथमिक जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित हो सकते हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में होने वाली वार्ताएं सकारात्मक और परिणामदायी रहेंगी.

ऊर्जा और व्यापार पर रहेगा विशेष जोर

वेनेजुएला तेल निर्यातक देशों में शामिल है, जबकि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल आयातक देश माना जाता है. ऐसे में इस दौरे के दौरान ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विशेष फोकस रहने की संभावना है. इसके अलावा व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य, दवा उद्योग, परिवहन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भी साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा हो सकती है.

कई महत्वपूर्ण बैठकों का कार्यक्रम

भारत दौरे के दौरान  डेल्सी रोड्रिगेज भारतीय नेतृत्व और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें करेंगी. इन बैठकों में द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी और भविष्य के सहयोग के नए अवसरों की तलाश की जाएगी.

वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका की सराहना

डेल्सी रोड्रिगेज ने अपने संबोधन में भारत की वैश्विक भूमिका की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व अर्थव्यवस्था में एक मजबूत और प्रभावशाली शक्ति के रूप में उभरा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी भूमिका लगातार बढ़ रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि  डेल्सी रोड्रिगेज का यह भारत दौरा दोनों देशों के बीच आर्थिक, ऊर्जा और रणनीतिक सहयोग को नई दिशा दे सकता है. ऐसे समय में जब वैश्विक ऊर्जा बाजार में तेजी से बदलाव हो रहे हैं, भारत और वेनेजुएला के बीच बढ़ता सहयोग दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Reactions

Post a Comment

0 Comments