G News 24 : पिघला हुआ गर्म लोहा मजदूरों के जिस्म पर गिरा,आठ की मौत !

 विशाखापट्टनम में दर्दनाक हादसा...

पिघला हुआ गर्म लोहा मजदूरों के जिस्म पर गिरा,आठ की मौत !

विशाखापट्ट्नम स्टील प्लांट में बड़ा हादसा हुआ है जहां पिघला हुआ स्टील लीक होने से 8 लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में कई मजदूर घायल भी हुए हैं. यह हादसा अत्यधिक तापमान पर पिघले हुए इस्पात से भरी एक करछुल में विस्फोट के कारण हुई. हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. स्टील प्लांट के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच कर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं.

एसएमएस-2 और एसटीसी-3 हीट फैसिलिटी में यह घटना हुई, जहां पर बड़ी मात्रा में पिघले हुए स्टील में रिसाव हुआ और उसने आग का विकराल रूप ले लिया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, लैडल में एक विस्फोट होने के कारण यह हादसा हुआ, जिसकी जद में आने से कई लोगों की मौत हुई है. दरअसल, पिघला स्टील जमीन पर गिर गया, जिसके कारण वहां पर आग लग गई. धीरे-धीरे ये आग प्लांट के बड़े हिस्से में फैल गई. दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में स्टील प्लांट में काम करने वाले कई कर्मचारियों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर भी सामने आई है. स्टील प्लांट मैनेजमेंट ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया है, जहां पर उनका उपचार चल रहा है. 

तेजी से जारी है राहत एवं बचाव कार्य

स्टील प्लांट में हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहा है. सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया है. हादसे के बाद राज्य के गृहमंत्री वंगलापुड़ी अनिता ने मामले का संज्ञान लिया. इसके बाद उन्होंने फोन पर विशाखापत्तनम के जिला अधिकारी और शहर के पुलिस आयुक्त से बात कर दुर्घटना की जानकारी ली. राज्य की गृहमंत्री ने घायलों को बेहतर उपचार और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने का निर्देश दिया. 

राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

राज्य की गृह मंत्री वंगलापुडी अनीता ने विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए हादसे पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने जिला कलेक्टर और शहर के पुलिस कमिश्नर से फोन पर बात की और स्टील प्लांट हादसे से जुड़ी जानकारी ली. गृह मंत्री के पीआरओ (PRO) के मुताबिक उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने और दुर्घटना स्थल पर बचाव और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. घटना की जानकारी मिलते ही गृह मंत्री तुरंत दुर्घटना स्थल पर पहुंचीं और लगातार अधिकारियों से फोन पर बात करते हुए उन्हें कई निर्देश दे रही हैं.

मजदूर यूनियन का रिएक्शन

मजदूर यूनियन के नेता एन. अयोध्याराम ने कहा, 'हमें शक है कि आग किसी धमाके की वजह से लगी है, लेकिन असली वजह का पता लगाने के लिए पूरी जांच की जरूरत है. अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि जिन लोगों की जान गई है, वे कॉन्ट्रैक्ट (ठेके) पर काम करने वाले मजदूर थे या स्टील प्लांट के पक्के कर्मचारी.'

सीएम ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर दुख और शोक जताया है. उन्होंने घटना स्थल पर मौजूद अधिकारियों से सीधे फोन पर बात की और लोगों की मौत पर अपनी संवेदना व्यक्त की. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को वहां के मौजूदा हालातों और चल रहे राहत कार्य की जानकारी दी. सीएम ने सभी सरकारी विभागों को मिलकर काम करने का निर्देश दिया है, ताकि बचाव और राहत का काम तेजी और सही तरीके से पूरा किया जा सके.

Reactions

Post a Comment

0 Comments