भाभी का था पड़ोसी के साथ अवैध संबंध,देवर को लगता था बुरा...
देवर ने भाभी को पड़ोसी के साथ अवैध संबंध से मना किया,नहीं मानी तो कर दी हत्या !
अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर में पुलिस ने डबल मर्डर का सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को गिरप्तार कर लिया है. आरोपी ने भाभी के पड़ोसी के साथ अवैध संबंध की वजह से दोनों की हत्या की थी. आरोपी ने बताया कि उसकी भाभी का पड़ोसी से अवैध संबंध था, जो उसे नहीं पसंद था. कई बार दोनों को समझाया भी लेकिन वह जब नहीं माने तो उनकी हत्या कर दी.
गौरतलब है कि 15 मई की सुबह पुलिस को सूचना मिली की बिजुरी क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस की जांच में पता चला कि सुरेंद्र सोनी और लल्ली बाई गोंड की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी. जांच के दौरान मृतक सुरेंद्र के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए थे, जबकि लल्ली बाई के चेहरे पर भी गंभीर चोटें थीं. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने सुनील सिंह मार्को उर्फ नानकुनू को हिरासत में लिया. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने दोनों की हत्या करना स्वीकार कर लिया.
सुरेंद्र से पहले भी हुआ था विवाद
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले 10-15 दिन से अपनी भाभी के मायके, भालुगुडार में रहकर मजदूरी कर रहा था. उसने बताया कि भाभी लल्ली बाई गोंड के पड़ोसी सुरेंद्र सोनी से प्रेम संबंध थे, जो उसे पसंद नहीं थे. इस बात को लेकर उसका सुरेंद्र से पहले भी विवाद हुआ था.
14 मई की रात सुरेंद्र सोनी, लल्ली बाई से मिलने उसके घर पहुंचा था. जब आरोपी ने देखा कि दोनों अकेले हैं, तो उसने हत्या की योजना बनाई. कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से आरोपी ने सुरेंद्र पर हमला कर दिया. जान बचाने के सुरेंद्र भागने लगा, तो आरोपी ने उसके सिर पर एक के बाद एक कई वार कर उसकी हत्या कर दी. फिर हत्या की चश्मदीद भाभी लल्ली बाई की भी हत्या कर दी.
कुल्हाड़ी और आरोपी के खून से सने कपड़े बरामद
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खून के निशान मिटने के लिए घर गोबर से लीप दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और आरोपी के खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं. आगे की कार्रवाई जारी है.


0 Comments