पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना ने किया शुभारंभ...
पड़ाव थाना में बना ग्वालियर रेंज का पहला “ई-मालखाना” एवं “पहरा प्लेटफार्म”
ग्वालियर। पुलिसिंग के बदलते स्वरूप में तकनीक का समावेश अत्यंत आवश्यक हो गया है। ई-मालखाना और पहरा प्लेटफार्म ग्वालियर पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे साक्ष्यों के सुरक्षित रखरखाव एवं मॉनीटरिंग सिस्टम को आधुनिक बनाया जा सकेगा। ग्वालियर पुलिस का डिजिटल पुलिसिंग की तरफ एक अच्छा कदम है इस तकनीक को ग्वालियर रेंज के अन्य बड़े जिलों के थानों में भी शुरू किया जायेगा।
यह बात मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना ने “ई-मालखाना” एवं “पहरा प्लेटफार्म” का शुभारंभ करते हुये कहीं। कार्यक्रम में एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि ग्वालियर पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं कि पुलिसिंग को अधिक स्मार्ट, पारदर्शी और जवाबदेह कैसे बनाया जाए। ई-मालखाना और पहरा प्लेटफार्म इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
ग्वालियर में पुलिस व्यवस्था को आधुनिक एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने के लिये मंगलवार को ग्वालियर रेंज का पहला “ई-मालखाना” एवं “पहरा प्लेटफार्म” थाना पड़ाव में शुरू किया गया। जिसका शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर रेंज अरविंद कुमार सक्सेना ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुये आईजी श्री सक्सेना ने कहा कि पुलिसिंग के बदलते स्वरूप में तकनीक का समावेश अत्यंत आवश्यक हो गया है। ई-मालखाना और पहरा प्लेटफार्म ग्वालियर पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि थाना पड़ाव के इस ई-मालखाने में केस की सभी फाइलों का डिजिटलाइजेशन किया गया है। इसके लिए वेब बेस्ड प्रोग्राम पर सारा डाटाबेस उपलब्ध है और एक क्लिक पर सारी जानकारी उपलब्ध होगी तथा मालखाने को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया गया है, जिससे इस पर निगरानी रखी जा सकंेगी। गौरतलब है कि ’“ई-मालखाना”’ एक डिजिटल सिस्टम है, जिसमें अपराध से संबंधित जब्त सामान, साक्ष्य एवं केस फाइलों का पूर्ण रिकॉर्ड ऑनलाइन एवं व्यवस्थित रूप से सुरक्षित रखा जाएगा।
मालखाना में रखी प्रत्येक वस्तु को क्यूआर कोड़ से चिहिन्त किया जायेगा। इससे मालखाने की पारदर्शिता बढ़ेगी, रिकॉर्ड का त्वरित एक्सेस संभव होगा तथा माल के रख-रखाव एवं निगरानी में सुधार आएगा। साथ ही, न्यायालयीन कार्यवाही में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता भी सरल एवं तेज होगी। कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक ग्वालियर रेंज अमित सांघी, अति0 पुलिस अधीक्षक श्रीमती अनु बेनीवाल, श्रीमती सुमन गुर्जर, सीएसपी इंदरगंज रोबिन जैन, थाना प्रभारी पड़ाव शैलेन्द्र भार्गव सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

0 Comments