बाबा साहब की 135वीं जयंती पर अनुसूचित समाज का जोश...
बाबा साहब की 135वीं जयंती पर ग्वालियर की सड़कों पर उमड़ा हजारों का सैलाब !
ग्वालियर। संविधान निर्माता, भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती मंगलवार, 14 अप्रैल 2026 को ग्वालियर में हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर जाटव समाज द्वारा एक विशाल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में समाजजन सम्मिलित हुए।
भारतीय दलित वर्ग संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुधीर मण्डेलिया ने बताया कि रैली प्रातः 9 बजे सतगुरु कबीर आश्रम, ठाठीपुर से प्रारंभ हुई। भगवान कॉलोनी, सुरेश नगर, सुजाता बुद्ध विहार, शमशान रोड, नदी पर टाल, बारादरी चौराहा मुरार, भीन नगर, गांधी रोड होते हुए पड़ाव चौराहे से यह रैली दोपहर 1:30 बजे फूल बाग पहुँची, जहाँ बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का समापन हुआ।
रैली में बग्घियाँ, घोड़े, चार पहिया एवं दो पहिया वाहनों का काफिला शामिल था। फूल मालाओं से सुसज्जित बग्घियों पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, संत शिरोमणि गुरु रविदास जी, सतगुरु कबीर साहेब, महात्मा ज्योतिबा फुले, माता सावित्री बाई फुले, मान्यवर कांशीराम एवं बिरसा मुंडा जी की भव्य झाँकियाँ लगाई गई थीं। "बाबा साहब अमर रहे" और "जब तक सूरज चाँद रहेगा, बाबा तेरा नाम रहेगा" जैसे गगनभेदी नारों से पूरा मार्ग गूँजता रहा।
रैली के मार्ग पर स्थानीय निवासियों द्वारा पुष्प वर्षा से भव्य स्वागत किया गया तथा जगह-जगह शीतल जल एवं भंडारे का आयोजन किया गया था।
रैली के प्रमुख संचालकों एवं सहभागियों में सुधीर मण्डेलिया के अतिरिक्त दलित नेता गोपाल चौधरी, पूर्व पार्षद पुरुषोत्तम टमोटिया, दलित नेता कमलेश रोजिया, पूर्व पार्षद शिवराम जाटव, डॉ. राम प्रकाश मण्डेलिया, गोपाल ठेकेदार, कैलाश पाराशर, पूरन मौर्य, प्रेम मण्डेलिया एवं पूर्व सरपंच लाखन सिंह राजे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

0 Comments