सभी संस्थाओं में मानवाधिकारों का पूरा ध्यान रखने पर दिया जोर ...
मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष ने निर्माणाधीन अस्पताल भवन, जेल व “अपना घर” का निरीक्षण किया !
ग्वालियर। राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने डबरा प्रवास के दौरान शासकीय अस्पताल, उप जेल एवं “अपना घर” आश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि किसी भी संस्था में मानवाधिकारों से जुड़ी लापरवाही न हो। डॉ. सिंह ने शासकीय अस्पताल, उप जेल एवं “अपना घर” आश्रम का दौरा कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मुकेश श्रीवास्तव भी मौजूद थे।
मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. सिंह ने डबरा में निर्माणाधीन अस्पताल के नए भवन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल भवन का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराएं, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
डॉ. सिंह ने कहा कि अस्पताल में नागरिक सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता न हो। दवाइयों की उपलब्धता, मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं तथा उपचार व्यवस्था की उन्होंने जानकारी ली। साथ ही महिला वार्ड एवं शिशु वार्ड का विशेष रूप से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा शासकीय योजनाओं के तहत मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई को और बेहतर करने पर बल दिया।
मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने इसी क्रम में उप जेल डबरा का भ्रमण किया। यहां साफ-सफाई व अन्य सुविधाओं का जायजा लेने के बाद उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने जेल प्रबंधन को निर्देश दिए कि प्रत्येक बंदी के मानवाधिकारों का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।
“अपना घर” आश्रम का भी मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष ने जायजा लिया। उन्होंने यहां की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और संस्था के कार्यों की सराहना की। डॉ. सिंह ने इस संस्था को मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
निरीक्षण के समय मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन श्रीवास्तव, एसडीएम रूपेश सिंघई, आयोग मित्र डॉ. दीपक शर्मा,नायब तहसीलदार मस्तराम गुर्जर, नायब तहसीलदार लाल सिंह राजपूत, सहायक जेल अधीक्षक महेश शर्मा, समाजसेवी संग्राम सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नवग्रह शक्ति पीठ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की ...
मध्य प्रदेश मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह डबरा प्रवास के दौरान नवग्रह शक्तिपीठ मंदिर परिसर में आयोजित हो रहे धार्मिक आयोजन में भी शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने नवग्रह शक्ति पीठ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष को मंदिर परिसर का भ्रमण कराया। साथ ही नवग्रह मंदिर की स्थापत्य विशेषताओं, आध्यात्मिक महत्व और विकसित किए गए पूरे कैंपस की जानकारी साझा की। इस दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मुकेश श्रीवास्तव एवं आयोग मित्र डॉ. दीपक शर्मा (शिकायत प्रकोष्ठ, ग्वालियर-चंबल संभाग) भी उनके साथ थे। मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. सिंह ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे आध्यात्मिक केंद्र समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं।










0 Comments