तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होगी ...
भारत में कल से मानसून की दस्तक,देश के इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ होगी !
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर राजस्थान के जैसलमेर तक और नोएडा से लेकर यूपी के बांदा तक हर जगह भीषण गर्मी और लू का प्रकोप है। उत्तर भारत समेत देश के कई राज्य में भीषण गर्मी की चपेट में हैं। ऐसे में सभी को मानसून का इंतजार है। मानसून के आने के बाद ही गर्मी से बड़ी राहत मिलने वाली है।
26 मई को केरल में मानसून की दस्तक
मानसून को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। बस एक दिन और मानसून दस्तक दे देगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार केरल में करीब 26 मई (मंगलवार) तक पहुंच सकता है। इस बार ये मानसून सामान्य तारीख 1 जून से पहले ही आ रहा है।
जानिए दिल्ली, यूपी और बिहार में कब आएगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-NCR में ये मानसून जून के महीने में आएगा। इसकी तारीख 27 से 30 जून के बीच बताई जा रही है। यूपी में ये मानसून 15 से 25 जून के बीच आएगा। बिहार में ये मानसून 12 से 15 जून के बीच आने की संभावना है।
जब तक दिल्ली-एनसीआर और बाकी उत्तर भारत के राज्यों में मानसून नहीं आ जाता है, तब तक यहां के लोगों को गर्मी की मार सहन करनी पड़ेगी। इस बीच, मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
केरल और तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले 6-7 दिनों के दौरान उत्तर-पूर्वी भारत में और अगले 2-3 दिनों के दौरान केरल और तमिलनाडु में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी। देश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
इन इलाकों में भी बारिश का अनुमान
आईएमडी के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 मई को और राजस्थान में 28 और 29 मई को गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का अनुमान
देश के पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 28 और 29 मई को बारिश का अलर्ट है। उत्तराखंड के कई इलाकों में 28 से 31 मई के दौरान गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
दक्षिण भारत के इन इलाकों में होगी बारिश
दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि 26-29 मई के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, कर्नाटक, तेलंगाना, रायलसीमा में बारिश का अनुमान है। 26 से 29 मई के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में गरज, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। इसके साथ ही कुछ जगहों पर या छिटपुट रूप से हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 25-29 तारीख के दौरान दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में और 27 मई को उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में गरज के साथ तेज हवाए चलने की संभावना है।


0 Comments