G News 24 : ग्वालियर स्मार्ट सिटी इन्क्यूबेशन सेंटर एवं प्रेस्टिज प्रबंधन ग्वालियर के मध्य समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर !

 ग्वालियर शहर में नवाचार एवं स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाने के लिए... 

ग्वालियर स्मार्ट सिटी इन्क्यूबेशन सेंटर एवं प्रेस्टिज प्रबंधन ग्वालियर के मध्य समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर !

ग्वालियर। प्रेस्टिज प्रबंधन एवं शोध संस्थान, ग्वालियर की संस्थान नवाचार परिषद के अंतर्गत आज ग्वालियर स्मार्ट सिटी इन्क्यूबेशन सेंटर (जी इन्क्यूब) एवं प्रेस्टिज प्रबंधन एवं शोध संस्थान, ग्वालियर के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्वालियर शहर में नवाचार एवं स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाना तथा शिक्षण संस्थान और उद्योग जगत के मध्य प्रभावी सहयोग स्थापित करना है।

जी इन्क्यूब, जो स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत एक गैर-लाभकारी पहल है, उद्यमिता को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यह संस्थान मार्गदर्शन, इन्क्यूबेशन सहयोग, तकनीकी सहायता एवं बाजार से जुड़ाव के माध्यम से नवाचारकर्ताओं और युवा उद्यमियों को सशक्त बना रहा है।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. निर्मल्या बंद्योपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि “यह समझौता ज्ञापन केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह नवाचार, उद्यमिता और प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रेस्टिज संस्थान सदैव विद्यार्थियों को नवाचार एवं उद्यमिता के लिए प्रेरित करता रहा है। इस सहयोग के माध्यम से हमारे विद्यार्थियों को नवाचार, इन्क्यूबेशन तथा उद्योग जगत से जुड़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे, जिससे वे रोजगार प्राप्त करने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार सृजन करने वाले बन सकेंगे।” उन्होंने आगे कहा कि यह सहयोग ग्वालियर शहर में नवाचार की संस्कृति को मजबूत करेगा तथा शिक्षण और उद्योग जगत के मध्य सेतु का कार्य करेगा।

जी इन्क्यूब के परियोजना निदेशक गौरव शाक्य ने कहा कि जी इन्क्यूब का उद्देश्य क्षेत्र में नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि यह केंद्र विद्यार्थियों एवं नवप्रवर्तकों को उचित मार्गदर्शन, संसाधन तथा अवसर प्रदान कर उनके विचारों को सफल उद्यमों में परिवर्तित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर जी इन्क्यूब से प्रांजल चतुर्वेदी (परियोजना प्रबंधक), मेघा उपाध्याय (इन्क्यूबेशन प्रबंधक) एवं श्रुति अग्रवाल (परियोजना सहयोगी) उपस्थित रहे।

संस्थान की ओर से डॉ. तारिका सिंह सिकारवार (संस्थान नवाचार परिषद समन्वयक), डॉ. निधि जैन (कार्यक्रम समन्वयक),  एवं  विख्यात पाण्डेय (विचार प्रकोष्ठ समन्वयक)की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

इस समझौता ज्ञापन के माध्यम से दोनों संस्थानों ने नवाचार को बढ़ावा देने, नए उद्यमों को प्रोत्साहित करने तथा ग्वालियर शहर के समग्र एवं समावेशी विकास हेतु अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

यह समझौता एक दीर्घकालिक, प्रभावी एवं परिवर्तनकारी साझेदारी की मजबूत नींव सिद्ध होगा, जिससे नए विचारों, नए उद्यमों एवं नई संभावनाओं का सृजन होगा।

Reactions

Post a Comment

0 Comments