G News 24 : 90 साल की उम्र में 'ड्राइवर दादी' का स्वैग, बिना डरे चलाती हैं कार !

  लोग बोले- गजब का कॉन्फिडेंस...

90 साल की उम्र में 'ड्राइवर दादी' का स्वैग, बिना डरे चलाती हैं कार !

आज के दौर में जहां छोटी-सी खबर भी वायरल हो जाती है, वहां यह कहानी लोगों के दिल को छू गई. दादी का स्टीयरिंग थामे मुस्कुराना, ट्रैफिक में सहज रहना और अपनी आजादी को जीना, यह सब उन्हें खास बना देता है. कठुआ की यह दादी बता रही हैं कि जिंदगी की ड्राइव कभी भी रोकी नहीं जानी चाहिए.

जम्मू के कठुआ में एक 90 साल की बुजुर्ग महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह अपनी मारुति अल्टो को बेहद आत्मविश्वास के साथ चलाती नजर आ रही हैं. भीड़भाड़ वाली सड़क पर जिस सहजता से वह मोड़ लेती हैं और ट्रैफिक संभालती हैं, उसे देखकर लोग हैरान रह गए. उनके चेहरे पर न घबराहट दिखती है और न ही कोई झिझक.

यह खास पल बाइक राइडर विशाल ललोत्रा ने अपने बॉडी कैमरे में कैद किया. उन्होंने सड़क पर दादी को ड्राइव करते देखा और उनकी ड्राइविंग स्किल्स से प्रभावित हो गए. वीडियो में वह उन्हें प्यार से ‘दादी’ कहकर बुलाते हैं. क्लिप की शुरुआत में दादी ट्रैफिक के बीच बेहद आराम से गाड़ी मोड़ती दिखती हैं जिससे साफ है कि उन्हें सड़क का पूरा अनुभव है.

दादी की उम्र 90 साल से ज्यादा है...

जिज्ञासा बढ़ने पर विशाल उनके घर तक पहुंचे, जो कठुआ में है. वहां उन्होंने दादी से मुलाकात की और उनके साथ छोटी सी ड्राइव भी की. बातचीत के दौरान दादी ने बताया कि वह 90 साल से ज्यादा उम्र की हैं. उन्होंने कहा कि ड्राइविंग उन्हें खुशी और आत्मविश्वास देती है. यह उनके लिए सिर्फ सफर नहीं, बल्कि आजादी का एहसास है. वीडियो का एक छोटा सा पल लोगों को खास लगा.

जब दादी सड़क पर गाड़ी चला रही थीं, तभी एक स्कूटी सवार ने उन्हें देखते ही सम्मान के साथ रास्ता दे दिया. इस दृश्य को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी जमकर तारीफ की. कई लोगों ने लिखा कि दादी उम्र की परिभाषा बदल रही हैं. कुछ ने उन्हें ‘अनस्टॉपेबल’ बताया.

अक्सर समाज में बुजुर्गों को सीमित भूमिका में देखा जाता है. लेकिन दादी तोड़ रहीं हैं स्टीरियोटाइप ...

अक्सर समाज में बुजुर्गों को सीमित भूमिका में देखा जाता है. लेकिन कठुआ की यह दादी साबित कर रही हैं कि जुनून और हौसले की कोई उम्र नहीं होती. उनका आत्मविश्वास यह संदेश देता है कि अगर मन मजबूत हो तो उम्र सिर्फ एक संख्या है. 


Reactions

Post a Comment

0 Comments