G News 24 : 25 से 26 फरवरी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर जा रहे हैं इजरायल !

 प्रधानमंत्री मोदी के इजरायल दौरे में नेतन्याहू के साथ प्राइवेट डिनर, संसद में संबोधन शामिल ...

25 से 26 फरवरी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर जा रहे हैं इजरायल !

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर इजरायल जा रहे हैं. उनका ये दौरा 25 से 26 फरवरी के बीच होगा. उन्हें खुद इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू एयरपोर्ट पर रिसीव करने पहुंचेंगे. पीएम मोदी आज ही (25 फरवरी) इजराइली संसद को संबोधित करेंगे. उनके सम्मान में बेंजामिन नेतन्याहू एक प्राइवेट डिनर का भी आयोजन करेंगे. 

दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी होनी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पिछले 9 साल में इजराइल की यह दूसरी यात्रा है. 4 से 6 जुलाई 2017 को पीएम मोदी की इजराइल यात्रा के दौरान दोनों देशों के द्विपक्षीय रिश्तों यानी रणनीतिक साझेदारी को अपग्रेड किया गया था. भारत और इजरायल के बीच विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इनोवेशन, रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, कृषि, जल प्रबंधन तथा पीपल टू पीपल कनेक्ट जैसे क्षेत्रों में मजबूत रणनीतिक साझेदारी है.

2018 में भारत दौरे पर आए बेंजामिन नेतन्याहू

इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने 14 से 19 जनवरी 2018 के बीच भारत की यात्रा की थी. 11 जनवरी 2023 को प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू को उनके छठी बार प्रधानमंत्री चुने जाने पर फोन कर बधाई दी. 24 अगस्त 2023 को प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने चंद्रयान-3 की सफल चंद्र लैंडिंग पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देने के लिए फोन किया था. 10 अक्टूबर 2023 को 7 अक्टूबर के आतंकी हमले के बाद इजरायल की स्थिति से अवगत कराने के लिए प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन किया था. 

6 जून 2024 को नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी को लगातार तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई दी और फिर अगस्त में भारत के स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम आतंकी हमले पर संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने 24 अप्रैल 2025 को प्रधानमंत्री मोदी को फोन किया. 13 जून 2025 को इजरायल –ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद प्रधानमंत्री नेतन्याहू और प्रधानमंत्री मोदी के बीच दो बार बातचीत हुई.

9 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रपति ट्रंप की गाजा शांति योजना के तहत हुई प्रगति पर प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री नेतन्याहू को बधाई दी. 10 दिसंबर 2025 को क्षेत्रीय स्थिति पर दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच बातचीत हुई. 7 जनवरी 2026 को दोनों प्रधानमंत्रियों ने नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की.

दोनों देशों के बीच मंत्री स्तर की वार्ता 

साल 2025 में इजरायल से भारत की मंत्री स्तरीय यात्राएं हुईं. कृषि मंत्री, पर्यटन मंत्री, व्यापार एवं अर्थव्यवस्था मंत्री, वित्त मंत्री और विदेश मंत्री इस दौरान भारत पहुंचे थे. साल 2025 में भारत से इजरायल की मंत्री स्तरीय यात्राओं में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री, विदेश मंत्री, मत्स्य पालन एवं पशुपालन मंत्री इजरायल दौरे पर गए थे. 

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और इनोवेशन के क्षेत्र में दोनों देश

दोनों देशों के बीच सहयोग के प्रमुख क्षेत्र जिनमें स्टार्टअप्स, संयुक्त अनुसंधान एवं विकास परियोजनाएं, भारत–इजरायल औद्योगिक इनोवेशन कोष (I4F), संयुक्त शोध कार्यक्रम, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और साइबर सुरक्षा शामिल हैं.

रक्षा और सुरक्षा सहयोग

रक्षा सहयोग भारत–इज़राइल साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है. नवंबर 2025 में भारत के रक्षा सचिव की इजरायल यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच ‘रक्षा सहयोग पर समझौता ज्ञापन’ पर हस्ताक्षर किए गए.

व्यापार और आर्थिक संबंध

नवंबर 2025 में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की यात्रा के दौरान भारत और इजरायल के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) वार्ता शुरू करने के लिए संदर्भ शर्तों (ToR) पर हस्ताक्षर किए गए.

सितंबर 2025 में इजरायल के वित्त मंत्री बेजाले स्मोट्रिच की भारत यात्रा के दौरान द्विपक्षीय निवेश समझौते (BIA) पर हस्ताक्षर किए गए, जिससे आर्थिक सहयोग, निवेशकों की सुरक्षा और सीमा-पार निवेश को बढ़ावा मिलेगा.

कृषि और जल प्रौद्योगिकी

कृषि क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग. भारत के विभिन्न राज्यों में स्वीकृत 43 उत्कृष्टता केंद्रों (CoE) में से 35 पूर्ण रूप से संचालित हैं, जो आधुनिक खेती, सिंचाई और जल प्रौद्योगिकी को बढ़ावा दे रहे हैं.

अप्रैल 2025 में इजरायल के कृषि मंत्री की भारत यात्रा के दौरान कृषि क्षेत्र में सहयोग संबंधी संशोधित समझौते और छठी त्रिवर्षीय संयुक्त कार्य योजना (2024–26) पर हस्ताक्षर किए गए.

पिपुल टू पिपुल कनेक्ट

इजरायल में 41,000 से अधिक भारतीय प्रवासी रहते हैं. नवंबर 2023 में भारत और इज़राइल के बीच भारतीय श्रमिकों के लिए अस्थायी, सुरक्षित और वैध रोजगार को सुविधाजनक बनाने हेतु द्विपक्षीय ढांचा समझौता हुआ. इसके बाद अब तक 20,000 भारतीय इजरायल पहुंचे हैं.

क्षेत्रीय / बहुपक्षीय संबंध

13 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा घोषित गाज़ा संघर्ष समाप्ति की व्यापक योजना का भारत ने स्वागत किया. भारत क्षेत्र में न्यायसंगत और स्थायी शांति के प्रयासों का समर्थन करता है.

भारत और इजरायल I2U2 समूह (भारत, इजरायल, यूएई, अमेरिका) के सदस्य हैं, जो खाद्य सुरक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, व्यापार और अवसंरचना परियोजनाओं पर केंद्रित सहयोग मंच है. 


Reactions

Post a Comment

0 Comments