G News 24 : न्यायिक अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित !

 500 से अधिक हुए लाभान्वित...

न्यायिक अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित !

ग्वालियर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला न्यायालय ग्वालियर द्वारा न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर एक विशेष पहल की गई। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर के निर्देश तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री ललित किशोर के मार्गदर्शन में 19 सितंबर 2026 को जिला न्यायालय परिसर स्थित मीडिएशन हॉल में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री ललित किशोर ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि न्यायिक कार्यों की व्यस्तता के बीच न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना बेहद जरूरी है। शिविर का उद्देश्य समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से संभावित बीमारियों की पहचान करना और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

शिविर में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपली माथुर द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं उपस्थित चिकित्सा विशेषज्ञों ने विभिन्न बीमारियों, उनके लक्षण, बचाव के उपाय तथा स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटीज) श्री नवीन शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री प्रशांत कुमार पाण्डेय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री पुष्पेन्द्र सिंह सहित जिला न्यायालय के न्यायिक अधिकारी, विभिन्न चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं न्यायालयीन कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर से पहले 15 से 17 सितंबर 2026 तक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय के सहयोग एवं समन्वय से जिला न्यायालय के लगभग 525 न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के रक्त परीक्षण (Blood Test) के लिए नमूने एकत्र किए गए थे। इनकी रिपोर्ट संबंधित न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उपलब्ध कराई गई।

शिविर में 15 से अधिक चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच रिपोर्ट एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ-साथ जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

आयोजकों के मुताबिक विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 500 से अधिक लोगों ने लाभ लिया। यह पहल न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति संस्थागत स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही।

Reactions

Post a Comment

0 Comments