g nEWS 24 : ‘‘हर घर तिरंगा’’ एवं ‘‘आजादी के रंग खाकी के संग’’ ग्वालियर पुलिस ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा !

 ग्वालियर पुलिस का ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान...

‘‘हर घर तिरंगा’’ एवं ‘‘आजादी के रंग खाकी के संग’’ ग्वालियर पुलिस ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा !

ग्वालियर। 15 अगस्त 2025 को हम 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहे हैं। आजादी के महापर्व पर देश की आन-बान-शान के प्रतीक राष्ट्रध्वज के सम्मान में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत करने और भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न थानों में तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। 14 अगस्त 2025 को भारत देश की आजादी के महापर्व “स्वतंत्रता दिवस“ की पूर्व संध्या पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में ग्वालियर पुलिस द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसमें अति. पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी एवं अति. पुलिस अधीक्षक सुमन गुर्जर सहित समस्त राजपत्रित अधिकारीगण एवं जिले के थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी सहित ऊर्जा डेस्क प्रभारी महिला उप निरीक्षक एवं बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारीगण सम्मलित हुए।

‘‘तिरंगा यात्रा’’ पुलिस कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर राजमाता तिराहा, अचलेश्वर चौराहा, पाटनकर चौराहा, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, गश्त का ताजिया, राम मंदिर से इन्दरगंज चौराहा, नदीगेट, मोतीमहल रोड, नए पड़ाव रेलवे पुल, गांधी रोड होते हुए पुनः पुलिस कंट्रोल रूम पर सम्पन्न हुई। उक्त यात्रा में लगभग 200 मोटरसाइकिल व स्कूटी सम्मिलित हुई, जिन पर दो-दो पुलिसकर्मी बैठे हुए थे। 

साथ ही थाना मोबाइल, जिप्सी एवं अन्य वाहन समेत लगभग 500 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी तिरंगा यात्रा में सम्मिलित हुए। तिरंगा यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा देशभक्ति के नारे लगाए गए। आमजनों द्वारा विभिन्न स्थानों पर तालियां बजाकर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया गया। इस अवसर पर तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिये प्रेरित किया। 

‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान के तहत पुलिस कंट्रोल रूम में एक सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किया गया, जहां पुलिस अधिकारी-कर्मचारी अपनी तस्वीर लेकर ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड कर रहे हैं। इस अवसर पर तिरंगा यात्रा के जरिए आमजन को अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया गया।

Reactions

Post a Comment

0 Comments