प्रदेश में पौने चार करोड़ से ज्यादा की मिलावटी सामग्री जब्त

मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत…

प्रदेश में पौने चार करोड़ से ज्यादा की मिलावटी सामग्री जब्त

भोपाल। प्रदेश में चल रहे मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत सवा महीने में 3.72 करोड़ रुपये की मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त की गई है। सभी जिलों में मिलावटखोरों की धरपकड़ की जा रही है। मिलावट करने के आरोप में 58 आरोपितों के खिलाफ एफआईआरदर्ज कराई गई है, तो 11 गंभीर मामलों में आरोपितों के खिलाफ एनएसए की कार्यवाही की गई है। विभिन्न् न्यायालयों ने अब तक एक करोड़ 29 लाख 36 हजार 500 रुपये का जुर्माना आरोपितों पर लगाया है। 

अभियान 11 नवंबर को शुरू किया गया था, जो आगे जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा एवं प्रशासन विभाग ने बताया कि मिलावटखोरों के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही की जा रही है। बड़े फैक्ट्री मालिक भी अभियान की गिरफ्त में आए हैं। मिलावट करने वाले कारखानों और उनके मालिकों के खिलाफ कार्यवाही की गई है। 

अब तक 9,317 स्थानों पर खाद्य पदार्थों में मिलावट की शंका के आधार पर जांच की गई। दो हजार 233 मिलावटखारों को नोटिस दिए गए हैं। खाद्य पदार्थों की जांच के लिए भेजे गये 3,797 नमूनों में से परीक्षण के बाद 2 हजार 120 नमूनों की रिपोर्ट प्रयोगशाला ने जारी कर दी है। इनमें से 1682 मानक, 232 अवमानक, 137 फर्जी, 28 असुरक्षित, 28 मिलावटी नमूने पाए गए हैं।

Comments