प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख के पार

मृतकों का आंकड़ा 1901 पर पहुंचा...

प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख के पार


प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख के पार (100458) हो गई है। संक्रमण की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि इनमें से 50 हजार केस सिर्फ 29 दिन में बढ़ गए। जबकि पहले के 50 हजार बढ़ने में 151 दिन लगे थे। तब 21 अगस्त को 50640 संक्रमित थे। शुक्रवार को भी 2552 नए केस मिले, जो कि बीते छह माह में किसी एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। रफ्तार यही रही तो 10 नवंबर के आसपास दो लाख संक्रमित हो सकते हैं।

24 नई मौतों के साथ कुल मृतकों का आंकड़ा 1901 पर पहुंच गया है। चौंकाने वाली बात ये है कि संक्रमण बढ़ने के बावजूद रिकवरी रेट तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को यह 75.98% था, जो शुक्रवार को 76.60% हो गया। यह देश के रिकवरी रेट 79.06% से 2.46% ही कम है। अब मप्र देश में 16वां ऐसा राज्य बन गया है, जहां एक लाख से अधिक संक्रमित हो गए हैं।

इधर, राजधानी के 291 नए संक्रमितों में पीएचई मंत्री एदल सिंह कंसाना और भाजपा प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी भी शामिल हैं। 15 मरीजों की मौत हो गई, इनमें 5 भोपाल, 5 होशंगाबाद और 5 अन्य शहरों के हैं। यहां सितंबर के 18 दिन में 4142 मरीज मिले हैं, जबकि इसके पहले के 116 दिन में 4088 मरीज मिले थे। अगस्त में रिकवरी रेट 102.49% थी, जो अब 89.40% रह गई है।

Comments