सफाई मित्रों का हुआ सम्मान...
सफाई मित्र समाज के महत्वपूर्ण अंग हैं – खाद्य मंत्री
भोपाल l 02 दिसम्बर 2019 l खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि सफाई मित्र समाज के महत्वपूर्ण अंग हैं। इन्हें सम्मानित कर हम अपने आप को गौरान्वित महसूस कर रहे हैं। इनके मान एवं सम्मान में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जायेगी।
खाद्य मंत्री श्री तोमर ने सफाई मित्रों को शॉल, श्रीफल, पुष्पाहार एवं मिष्ठान प्रदाय कर उनका सम्मान किया। श्री तोमर ने सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जिस भाव एवं विश्वास के साथ मुझे इस मुकाम तक पहुँचाने में भी सफाई मित्रों का योगदान रहा है, उनके मान एवं सम्मान में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जायेगी। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र हमारे समाज के महत्वपूर्ण अंग हैं। जिनसे हमें प्रेरणा लेकर अपने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए जाने और कचरे को डस्टबिन में डालने का संकल्प लें।
नागरिक नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना सहयोग दें ...
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर बनाने एवं प्रदूषण मुक्त रखने में नागरिक अपना योगदान देने का संकल्प लें और शहर में मच्छरों का प्रकोप न बढ़े, इसके लिए कचरा डस्टबिनों में ही डालें।
कार्यक्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। मंत्री श्री तोमर सोमवार को अग्रवाल धर्मशाला नौगजा रोड़ में सफाई मित्रों के सम्मान समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। समारोह में महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती कमलेश कौरव, श्रीमती रमा पाल, वार्ड-33 के पार्षद चंदू सेन सहित बड़ी संख्या में सफाई मित्र एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
खाद्य मंत्री श्री तोमर ने एक करोड़ 8 लाख की लागत से वाली सड़क का किया भूमिपूजन
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री तोमर सोमवार को घासमंडी चौराहा ग्वालियर में एक करोड़ 8 लाख की लागत से कोटेश्वर मंदिर से किलागेट चौराहे तक बनने वाली सड़क के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। खाद्य मंत्री श्री तोमर ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि सड़क का कार्य पूर्ण होने से पूर्व वे अपने नल एवं सीवर के कनेक्शन अवश्य ले लें, जिससे सड़क निर्माण के उपरांत नल कनेक्शन एवं सीवर चेम्बर बनाने के लिए सड़क को दुबारा न खोदना पड़े।
उन्होंने नगर पालिक निगम के सीवर एवं पेयजल विभाग का कार्य देख रहे अधिकारियो को निर्देश दिए कि वे घर – घर जाकर नागरिकों से अपील करें कि वे नलों के कनेक्शन एवं सीवर के चेम्बर का कार्य सड़क बनने के पूर्व ही कर लें। जिससे इन कार्यों के लिए पुन: सड़क को खोदना न पड़े। सड़क निर्माण के बाद सड़क खोदने की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरूद्ध कर्रवाई की जायेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप निर्माण कार्य हो। सड़क चौड़ीकरण के कार्य में स्थानीय नागरिक एवं दुकानदार भी सहयोग करें, जिससे चौड़ी एवं सुंदर सड़क बन सके। उन्होंने सीवर निर्माण कार्य देख रहे अधिकारी को निर्देश दिए कि सीवर का जो शेष कार्य रह गया है उसे भी पूर्ण करें।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने नगर पालिक निगम द्वारा संचालित वाचनालय को सात दिवस में पुन: शुरू कर आवश्यक फर्नीचर एवं अन्य व्यवस्थाएं करने के नगर पालिक निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाचनालय में समाज सेवियों के छायाचित्र भी लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संचालित स्कूलों की देखरेख हेतु प्रत्येक स्कूल के लिए उनके प्रतिनिधि के रूप में एक – एक व्यक्ति को जवाबदारी सौंपी जायेगी। जेसी मिल के संबंध में अधिकारियों के साथ चर्चा कर समस्या का निराकरण किया जायेगा। कन्या विद्यालय के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर भूमि चयन की कार्रवाई की जाए।
कार्यक्रम को शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री देवेन्द्र शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों को सड़क निर्माण होने से आवागमन की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ग्वालियर के विकास एवं समस्याओं के निराकरण के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। सफाई दूत के रूप में उनकी प्रदेश में ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनी है।


0 Comments