G News 24 : टॉयलेट के लिए निकले मूक-बधिर को चोर समझकर मार दी गोली, चीख भी न सका बेगुनाह !

 टॉयलेट के लिए निकला था मूक-बधिर उमेश पासवान...

टॉयलेट के लिए निकले मूक-बधिर को चोर समझकर मार दी गोली, चीख भी न सका बेगुनाह !

भोजपुर में शुक्रवार सुबह-सुबह बड़ी वारदात घटी है. यहां पर शौच के लिए निकले दिव्यांग युवक को चोरी के शक में गोली मार दी गई. गोलीबारी की घटना से इलाके में भारी दहशत का माहौल है.

भोजपुर जिले के सिकरहटा थाना के बघड़ा टोला गांव में 5 जून, 2026 दिन शुक्रवार की अहले सुबह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है, जिसमें चोरी के संदेह को लेकर हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति को गोली लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. घटना शुक्रवार की सुबह की है जब गांव में किसी घर में चोर के घुसने की भनक लगते ही. वहां हल्ला मच गया. इसी गहमागहमी और विवाद के दौरान अचानक फायरिंग शुरू हो गई. इस गोलीबारी में 35 वर्षीय उमेश पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए. उमेश पासवान सिकरहटा बघड़ा टोला के वार्ड नंबर-1 के निवासी हैं और वे मूक-बधिर हैं. उनके बड़े भाई नारायण राम वर्तमान में सिकरहटा पंचायत के वार्ड नंबर-1 के वार्ड सदस्य हैं.

इधर, जख्मी की मां सीता देवी ने घटनाक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उनका बेटा सुबह शौच के लिए बाहर निकला था, तभी गांव में चोर के घुसने को लेकर मचे शोर-शराबे के बीच वह अनपेक्षित रूप से इस हिंसक घटना का शिकार हो गया. गोली उमेश के दाहिने पैर की जांघ पर लगी है. परिजन तुरंत उसे उपचार के लिए पीरो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है. फिलहाल, सदर अस्पताल में उमेश का इलाज चल रहा है.

इस घटना की सूचना मिलते ही सिकरहटा थानाध्यक्ष दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि फायरिंग किसने की और विवाद का मुख्य कारण क्या था. इस घटना के बाद से ही बघड़ा टोला और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है.

Reactions

Post a Comment

0 Comments