G News 24 : ग्वालियर को मिलेंगे 37 विद्यालयों में लैब,अतिरिक्त कक्ष और शौचालय निर्माण के लिए 37.17 करोड़ !

 जिले के स्कूलों में बनेंगी 47 नई विज्ञान लैब, 163 अतिरिक्त कक्ष और 16 शौचालय...

ग्वालियर को मिलेंगे 37 विद्यालयों में लैब,अतिरिक्त कक्ष और शौचालय निर्माण के लिए 37.17 करोड़ !

ग्वालियर 18 नवम्बर 2026/ शिक्षा विभाग द्वारा ग्वालियर जिले के शाला भवनों को और बेहतर बनाने के लिये अतिरिक्त कक्ष, फिजिक्स, कैमिस्ट्री, बायोलॉजी लैब एवं शाला भवनों में शौचालय निर्माण के लिये स्वीकृतियां प्रदान की गई हैं। जिले के 31 विद्यालयों में 42 फिजिक्स, कैमिस्ट्री व बायोलॉजी लैब, 155 अतिरिक्त कक्ष निर्माण और 15 अतिरिक्त शौचालय निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके लिये 37 करोड़ 17 लाख रुपए की राशि भी स्वीकृत की गई है। इसके लिये पुलिस हाउसिंग एवं शाला विकास समिति को निर्माण एजेंसी बनाया गया है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के विशेष प्रयास से जिले के शाला भवनों में लैब, अतिरिक्त कक्ष एवं शौचालय निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे गए थे, जिसके तहत जिले के 31 विद्यालयों में स्वीकृति प्राप्त हो गई है। 

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शिक्षा विभाग द्वारा प्राप्त स्वीकृति के आधार पर जिले के 31 विद्यालयों में फिजिक्स, बायोलॉजी, कैमिस्ट्री लैब, अतिरिक्त कक्ष एवं शौचालय निर्माण के लिये शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यकता अनुसार एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके लिये तकनीकी विशेषज्ञों के माध्यम से विस्तृत प्लान तैयार कर कार्य कराने के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए। 

जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 विद्यालयों की निर्माण एजेंसी पुलिस हाउसिंग है, जिनके माध्यम से 42 लैब 155 अतिरिक्त कक्ष निर्माण के साथ ही 15 शौचालय निर्माण का कार्य किया जायेगा। जिस पर 37 करोड़ 17 लाख रुपए का व्यय होगा। इसके साथ ही जिले के ऐसे 6 विद्यालयों जिनमें कक्षों के निर्माण की संख्या 2 से कम है, उनके लिये शाला विकास समिति एजेंसी रहेगी। इसके लिये 6 विद्यालयों में कुल 5 लैब, 8 अतिरिक्त कक्ष और 01 शौचालय निर्माण कराने की स्वीकृति प्रदान की गई है। 

शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिन विद्यालयों में कार्य किया जायेगा, उनमें शासकीय हायर सेकेण्ड्री स्कूल करहिया, शासकीय कन्या हायर सेकेण्ड्री स्कूल आंतरी, शासकीय जीवाजीराव बालक उमावि लश्कर, शासकीय उमावि चीनौर, शासकीय उमावि खेरवाया, शासकीय उमावि मेहगांव, शासकीय उमावि शुक्लहारी, शासकीय कन्या उमावि पिछोर, शासकीय उमावि करियावटी, शासकीय उमावि बिलौआ, शासकीय एक्सीलेंस उमावि डबरा, शासकीय कन्या उमावि डबरा, शासकीय उमावि रेंहट, शासकीय एक्सीलेंस उमावि घाटीगांव, शासकीय हाईस्कूल पाटई, शासकीय उमावि बरई, शासकीय उमावि उटीला, शासकीय उमावि सिरसौद, शासकीय उमावि मोतीझील, शासकीय बालक उमावि पागनवीसी लश्कर, शासकीय कन्या उमावि रेलवे कॉलोनी, शासकीय बालक उमावि ठाठीपुर, शासकीय कन्या उमावि मुरार, शासकीय एक्सीलेंस उमावि मुरार, शासकीय बालक उमावि नं.2 मुरार, शासकीय हाईस्कूल बहोड़ापुर, शासकीय हाईस्कूल बडेराबुजुर्ग, शासकीय हाईस्कूल बीजकपुर, शासकीय हाईस्कूल जखोदा, शासकीय हाईस्कूल तिघरा एवं शासकीय हाईस्कूल निरावली शामिल हैं। 

जिन विद्यालयों में 2 से कम कक्षों का निर्माण होना हैं, उनमें शाला विकास समिति के माध्यम से कार्य कराया जायेगा। इन विद्यालयों में शासकीय बालक उमावि जनकगंज, शासकीय हाईस्कूल बरोठा, शासकीय हाईस्कूल आरोन, शासकीय हाईस्कूल सिगौरा, शासकीय हाईस्कूल बरेठा एवं शासकीय हाईस्कूल खाड़ीखेड़ा शामिल हैं। 

जिले के हाईस्कूलों के भी प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश 

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिले के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को भी निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में हाईस्कूलों में बाउण्ड्रीवॉल, अतिरिक्त कक्ष, लैब एवं शौचालय की आवश्यकताओं का आंकलन कर प्रस्ताव तैयार कराएं। तैयार कराए गए प्रस्ताव जिला स्तर पर भेजे जाएं, ताकि जिला स्तर से प्रस्ताव शासन स्तर को स्वीकृति हेतु प्रेषित किए जा सकें। 

Reactions

Post a Comment

0 Comments