चीनोर से हजीरा तक एक साथ दबिश, 9 आबकारी प्रकरण दर्ज...
ग्वालियर में आबकारी विभाग का छापा,अनुमानित कीमत5.50लाख रुपए का5,400 किलो गुड़ लहान नष्ट!
ग्वालियर। जिले में अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने व्यापक कार्रवाई की है। मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर विभाग की अलग-अलग टीमों ने चीनोर, ट्रांसपोर्ट नगर और हजीरा क्षेत्र में कई स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 5,400 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा विभिन्न ठिकानों से देशी शराब के पाव भी जब्त किए गए। कार्रवाई में कुल 9 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विभाग के मुताबिक जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 5 लाख 50 हजार रुपए है।
चीनोर में मिले लहान के बड़े ठिकाने
आबकारी टीम ने चीनोर क्षेत्र के करहिया इलाके में दुबहा-दुबही, चक कटना और लाल डांडा नाले के आसपास दबिश दी। दुबहा-दुबही स्थित कंजर डेरे पर प्लास्टिक की टंकियों में करीब 3,500 किलो गुड़ लहान भरा मिला। चक कटना में सीमेंट से बने हौद से 700 किलो और लाल डांडा नाले के पास दो अलग-अलग गड्ढों में छिपाकर रखा गया लगभग 1,200 किलो लहान बरामद हुआ।
टीम ने लहान के नमूने सुरक्षित रखने के बाद शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया, ताकि उससे अवैध शराब तैयार नहीं की जा सके।
किराना दुकान और मकानों से देशी शराब जब्त
कार्रवाई के दौरान ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक किराना दुकान से देशी शराब के 12 पाव बरामद किए गए। न्यू चंदन नगर में राजू सविता के मकान से 16 पाव, बिरला नगर की लाइन नंबर-2 से 15 पाव और रमटापुरा के सेवा नगर में धर्मेंद्र यादव के आधिपत्य वाले स्थान से 13 पाव देशी मदिरा प्लेन जब्त की गई।
कलेक्टर के निर्देश पर चला अभियान
यह कार्रवाई कलेक्टर रुचिका चौहान और आबकारी उपायुक्त ग्वालियर संभाग संदीप शर्मा के मार्गदर्शन में तथा सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के निर्देशन में की गई। विभागीय टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री से जुड़ी गतिविधियों की जांच की।
आबकारी एक्ट के तहत 9 मामले दर्ज
आबकारी विभाग ने कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 9 प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं। विभाग का कहना है कि अवैध मदिरा के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।






0 Comments