G News 24 : देवउठनी एकादशी और विवाह मुहूर्तों पर बाल विवाह रोकने प्रशासन अलर्ट !

 कलेक्टर ने नागरिकों से की सहयोग की अपील,टोल फ्री नंबर 1098 और 0751-2990969 पर करें शिकायत ...

देवउठनी एकादशी और विवाह मुहूर्तों पर बाल विवाह रोकने प्रशासन अलर्ट !

ग्वालियर 18 नवम्बर 2026/ जिले में देवउठनी एकादशी 20 नवम्बर 2026 एवं अन्य विवाह मुहूर्तों के अवसर पर बाल विवाह को रोकने के लिये पुख्ता प्रबंधन किए गए हैं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ ही अन्य विभागों को सम्मिलित करते हुए जिला स्तर पर एवं विकासखंड और ग्राम स्तर तक बाल विवाह रोकने हेतु उड़नदस्तों का गठन किया है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2026 के अंतर्गत जिले में बाल विवाह की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। इसके साथ ही जन जागरूकता का भी विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। 

कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती उपासना राय ने बताया कि देवउठनी एकादशी एवं आगामी विवाह मुहूर्तों पर संभावति बाल विवाह की सूचना व शिकायत प्राप्त करने के उद्देश्य से वन स्टॉप सेंटर ग्वालियर में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम गठित किया गया है। जिले के आम नागरिक टोल फ्री नंबर 1098 अथवा जिला स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 0751-2990969 पर बाल विवाह के संबंध में शिकायत एवं सूचना दे सकते हैं। कंट्रोल रूम पर प्राप्त होने वाली सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जायेगी। इसके साथ ही जिला स्तर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी एवं महला व बाल विकास अधिकारी द्वारा बाल विवाह के संबंध में निरंतर निगरानी की जायेगी। 

बाल विवाह रोकने के लिये विकासखंड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, तहसीलदार, परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास, थाना प्रभारी अथवा सेक्टर पर्यवेक्षकों को शामिल करते हुए दल गठित किया गया है। ग्राम पंचायत स्तर पर निगरानी तंत्र को मजबूत करने के लिये समस्त हायर सेकेण्ड्री व हाईस्कूल के प्राचार्य, प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, समस्त पटवारी, ग्राम पंचायतों के पंच, सरपंच व सचिव एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह एवं शौर्या दल के सदस्य सामूहिक विवाह स्थल का भ्रमण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि कहीं पर भी बाल विवाह न हो। 

कलेक्टर ने की नागरिकों से अपील 

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि बाल विवाह कुरीति को रोकने के लिये हर संभव सहयोग करें। बाल विवाह कानूनी रूप से भी अपराध है। जिले में कहीं पर भी बाल विवाह न हो, इसके लिये लोगों को जागरूक करें और कोई सूचना प्राप्त होती है तो त्वरित रूप से जिला प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि बाल विवाह को रोका जा सके। 

Reactions

Post a Comment

0 Comments