G News 24 : भारतीय योग संस्थान, जिला ग्वालियर पूर्व के तत्वावधान में निकाली गई विशाल प्रभात फेरी !

 योग के जयघोष से गूंजा शहर, विशाल प्रभात फेरी ने दिया स्वस्थ समाज का संदेश...

भारतीय योग संस्थान, जिला ग्वालियर पूर्व के तत्वावधान में निकाली गई विशाल प्रभात फेरी !

ग्वालियर । जिला योग उत्सव के अवसर पर रविवार को भारतीय योग संस्थान, जिला ग्वालियर पूर्व के तत्वावधान में विशाल प्रभात फेरी निकाली गई। रामकृष्ण आश्रम, थाटीपुर से शुरू हुई प्रभात फेरी में शिक्षा नगर और गंगा नगर क्षेत्र के योग केंद्रों से जुड़े सैकड़ों साधक शामिल हुए। योग के जयघोष और नारों से शहर का वातावरण योगमय हो गया।

प्रभात फेरी सिंधिया एनक्लेव, दर्पण कॉलोनी, गोविंदपुरी, सचिन तेंदुलकर मार्ग, कुलपति बंगला और यूनिवर्सिटी गेट होते हुए विजयराजे सिंधिया चौराहा, सिटी सेंटर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। प्रभात फेरी का नेतृत्व जिला प्रधान प्रो. एस.के. गुप्ता एवं प्रांतीय विस्तारक दिनेश शर्मा ने किया। सिटी सेंटर योग केंद्र के सचेतक जयजीव मिश्रा ने जोशीले अंदाज में संचालन करते हुए साधकों में उत्साह का संचार किया।

प्रो. एस.के. गुप्ता ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन की पद्धति है। उन्होंने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक इसका संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। दिनेश शर्मा ने कहा कि योग व्यक्ति के साथ परिवार और समाज को भी स्वस्थ बनाने का माध्यम है।

प्रभात फेरी के दौरान “सभी को योग सिखाना है, घर-घर योग पहुंचाना है”, “योग हमारा अधिकार, स्वस्थ रहे हर परिवार” और “योग से रोग भगाएंगे” जैसे नारों से साधकों ने लोगों को योग के प्रति जागरूक किया। गंगा नगर क्षेत्रीय प्रधान जय नारायण शर्मा और शिक्षा नगर क्षेत्रीय प्रधान एस.पी. शर्मा ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय मंत्री मालती दुबे, जिला कोषाध्यक्ष अरुण अग्रवाल, भूतपूर्व डीन प्रो. सुरेश सिंह तोमर, के.पी.एस. भदौरिया सहित अनेक पदाधिकारी, केंद्र प्रमुख और बड़ी संख्या में साधक उपस्थित रहे।

Reactions

Post a Comment

0 Comments