G NEWS 24 : हर अधिकारी सुबह फील्ड में रहे, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : निगम आयुक्त

कर्मचारियों की हाजिरी जांचने और गड़बड़ी मिलने पर प्रस्ताव भेजने को कहा...

हर अधिकारी सुबह फील्ड में रहे, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : निगम आयुक्त

ग्वालियर। शहर की सफाई व्यवस्था, सीवर, पेयजल सहित अन्य नागरिक समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए नगर निगम के सभी अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह फील्ड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें और लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करें। नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने शहर की विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। 

बैठक में उन्होंने विशेष रूप से सफाई और सीवर व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीवर सफाई के कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की नियमित रूप से हाजिरी जांचें। यदि किसी कर्मचारी की उपस्थिति या कार्य में किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो उसका प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीवर सफाई व्यवस्था को लेकर आयुक्त ने कहा कि मशीनरी आने में यदि समय लग रहा है तो उस दौरान सफाई कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। 

इसके लिए कर्मचारियों को आवश्यक अन्य संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि सीवर सफाई का काम लगातार और सुचारू रूप से चलता रहे। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र से सीवर या सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायत प्राप्त होती है और जांच में शिकायत सही पाई जाती है, साथ ही अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों को केवल कागजों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि मौके पर पहुंचकर उनकी वास्तविक स्थिति की जांच की जाए और समय पर समाधान कराया जाए।

आयुक्त ने कहा कि शहर की मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए अधिकारियों की नियमित मैदानी मौजूदगी जरूरी है। सफाई, सीवर, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी अधिकारियों को सीधे फील्ड से मिलनी चाहिए, ताकि उनका निराकरण तेजी से किया जा सके। बैठक में अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, प्रदीप तोमर, अधीक्षण यंत्री एसएल बाथम, कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Reactions

Post a Comment

0 Comments