नगरीय निकाय और पंचायत के उप निर्वाचन-2026 पूर्वार्द्ध का कार्यक्रम राज्य निर्वाचन आयोग ने किया जारी...
ग्वालियर में निकाय-पंचायत उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू, 8 सितंबर को अधिसूचना !
ग्वालियर। ग्वालियर में नगरीय निकाय और पंचायत के उप निर्वाचन-2026 पूर्वार्द्ध का कार्यक्रम राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी कर दिया है। जिले में नगर पालिका निगम वार्ड-5, जनपद पंचायत सदस्य वार्ड-9, घाटीगांव ग्राम पंचायत, डबरा जनपद पंचायत और सभी जनपद पंचायतों के 23 पंच पदों पर चुनाव होना है।
अधिसूचना, आरक्षण और मतदान केंद्रों की जानकारी 8 सितंबर को सुबह 10:30 बजे प्रकाशित की जाएगी। इसी दिन से नामांकन की औपचारिक प्रक्रिया भी खुल जाएगी।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने शनिवार को गूगल मीट पर अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों का सत्यापन अनिवार्य है। केंद्र में पर्याप्त स्थान, बिजली और जलभराव से मुक्ति सुनिश्चित की जाए। पहुंच मार्ग व मूलभूत सुविधाओं की जानकारी आयोग के पोर्टल पर अपलोड हो। संशोधन का प्रस्ताव हो तो तत्काल भेजा जाए।
स्ट्रांग रूम के चयन में मतदान दलों और वाहन पार्किंग के लिए जगह हो। नामांकन स्थल पर सुरक्षा के साथ वीडियोग्राफी कराई जाए। ईवीएम की एफएलसी, रेंडमाइजेशन और कमीशनिंग आयोग की समय-सीमा में पूरी हो। संबंधित वार्डों में संपत्ति विरूपण न हो और आदर्श आचार संहिता का पालन हो।
मतदान कर्मियों का चयन अभी पूरा कर लिया जाए। मतदान से पहले तीन सत्रों का प्रशिक्षण भी आयोजित हो। कलेक्टर ने साफ कहा कि जिन अधिकारियों को दायित्व मिला है, वे निष्ठा से काम करें। निर्वाचन कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




0 Comments