दिल्ली में एक बार फिर हुई हैवानियत की घटना...
चलती स्लीपर बस में 47 KM तक यूपी की 16 वर्षीय छात्रा से होता रहा गैंगरेप,आरोपी गिरफ्तार !
राजधानी दिल्ली में चलती स्लीपर बस के भीतर यूपी के मैनपुरी की रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. नोएडा के परी चौक से दिल्ली के कश्मीरी गेट तक करीब 47 किमी लंबे सफर के दौरान पर्दे से ढकी चलती बस में दरिंदगी की इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया.
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा के साथ स्लीपर बस में दरिंदगी का मामला सामने आया है. पीड़िता घर से नाराज होकर नोएडा स्थित अपने चचेरे भाई के पास जा रही थी, तभी रास्ते में बेसहारा पाकर बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया.पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया है.
मैनपुरी निवासी छात्रा परिजनों से अनबन के बाद बिना बताए नोएडा के लिए निकली थी. भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण छात्रा गलती से ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई. वहां से गुजर रही एक खाली स्लीपर बस को छात्रा ने रोका. आरोपियों ने उसे नोएडा सेक्टर-63 पहुंचाने का झांसा देकर बस में सवार कर लिया. बताया जा रहा है कि यह वारदात 4 अगस्त की है.
चलती बस में दरिंदगी
परी चौक से दिल्ली के कश्मीरी गेट के बीच करीब 47 किलोमीटर के सफर के दौरान आरोप है कि ड्राइवर और कंडक्टर ने पर्दों से ढकी स्लीपर बस में छात्रा से अश्लील हरकतें की और बारी-बारी दुष्कर्म किया. विरोध करने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी गई.
कश्मीरी गेट पर छोड़ा
वारदात के बाद आरोपी देर रात पीड़िता को कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर छोड़कर फरार हो गए.
पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता ने घबराए बिना कश्मीरी गेट थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई. पुलिस ने तुरंत मामले को संज्ञान में लेते हुए तिमारपुर स्थित एक बस पार्किंग से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सूरजपुर वर्कशॉप से बस रिपेयर कराकर तिमारपुर जा रहे थे, तभी रास्ते में परी चौक पर उन्हें छात्रा मिली थी.सूत्रों के मुताबिक, फॉरेंसिक जांच के लिए घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को जब्त कर लिया गया है.



0 Comments