G NEWS 24 : ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के प्रवेश द्वार पर भीषण हादसा, 14 श्रद्धालुओं की मौत !

करीब 42 लोग गंभीर रूप से घायल...

ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के प्रवेश द्वार पर भीषण हादसा, 14 श्रद्धालुओं की मौत !

ग्वालियर। जिले के सातऊ स्थित शीतला माता मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धान से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर मंदिर के प्रवेश द्वार से टकरा गया, जिसकी चपेट में आने से 14 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 42 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को एम्बुलेंस से जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक आंतरी की ओर से आ रहा था। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास पहुंचते ही वह अनियंत्रित हो गया और वहां मौजूद श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में लेते हुए द्वार से टकरा गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं के लिए ट्रामा सेंटर में विशेष उपचार की व्यवस्था की गई है।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के साथ जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर पहुंचकर घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन के अनुसार, हादसे में घायल हुए लोगों में से 14 को चिकित्सकों ने मृत घोषित किया है, जबकि करीब आठ गंभीर घायलों का विशेष उपचार किया जा रहा है। अन्य घायलों का इलाज भी जारी है।

हादसे में श्रद्धालुओं की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा कर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं। 

ऊर्जा मंत्री ने घायलों के बेहतर उपचार का भरोसा भी दिलाया। वहीं, सरकारी बैंक मध्य प्रदेश शासन के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

जिला प्रशासन ने हादसे में घायल सभी लोगों के समुचित उपचार और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया है।

Reactions

Post a Comment

0 Comments