G NEWS 24 : ग्वालियर हादसे पर CM डॉ. यादव ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता

राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है...

ग्वालियर हादसे पर CM डॉ. यादव ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता

ग्वालियर। शीतला माता मंदिर के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में श्रद्धालुओं की मौत पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकाकुल परिवारों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार कराया जाएगा। हादसे में प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के बताए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मंत्री एदल सिंह कंसाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

वहीं, ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भी दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में उनके साथ है। घटना की जानकारी मिलने पर प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा कर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की बात भी कही। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री ने दिवंगत श्रद्धालुओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Reactions

Post a Comment

0 Comments