शामली पुलिस का बड़ा एक्शन,दो पुलिसकर्मी भी घायल...
सिंगर अंकित बालियान के दो हत्यारे UP पुलिस से मुठभेड़ में हुए ढेर !
लखनऊ . उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने दो बदमाशों का एनकाउंटर कर दिया है.मुठभेड़ में अंकित की हत्या के दो संदिग्ध आरोपी सुमित और मोहित मारे गए. इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.
उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी गायक और संगीत निर्माता अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. सोमवार को सदर कोतवाली क्षेत्र के पानीपत-खटीमा हाईवे स्थित औद्योगिक इलाके में हुई इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. पुलिस आगे की कानूनी कार्यवाही में जुटी है.दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है. ये दोनों आरोपी गोंगी गैंग के शार्प शूटर थे और उन पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था.
मुठभेड़ का घटनाक्रम
पुलिस को औद्योगिक क्षेत्र में संदिग्ध बदमाशों के छिपे होने की सटीक सूचना मिली थी.पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी किए जाने पर बदमाशों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए. यल अवस्था में बदमाशों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.मारे गए बदमाशों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है, जो अंकित बालियान की हत्या के मुख्य संदिग्ध आरोपी थे.
मृतक अभियुक्तगण की पूरी डिटेल
1.मोहित पुत्र स्व0 महेश निवासी म0नं0 183 बईयापुरखुर्द थाना सदर जनपद सोनीपत (हरियाणा) मूल निवासी ग्राम जटवाड़ा थाना सदर जनपद सोनीपत (हरियाणा) उम्र करीब 22 वर्ष ।
2.सुमित पुत्र धर्मपाल निवासी फ्लैट नं0 1420 हाऊसिंग बोर्ड कालोनी जी ब्लॉक, केडीआई, कुंडली सोनीपत (हरियाणा) मूल-निवासी ग्राम ककरौही थाना सदर जनपद सोनीपत(हरियाणा) उम्र करीब 24 वर्ष ।
एडीजी कानून-व्यवस्था, उत्तर प्रदेश अमिताभ यश ने कहा अंकित बालियान की शामली कोतवाली के पास हत्या कर दी गई थी. सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि इस वारदात में चार शूटर शामिल थे, जो दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए थे. पुलिस ने उनका लगातार पीछा किया। आज सुबह शामली पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दो शूटर—सुमित और मोहित—मारे गए। उनके पास से अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। उन्होंने पुलिस पर भारी गोलीबारी की, जिसमें हमारे दो कांस्टेबल घायल हो गए।
अन्य शूटरों और गिरोह के वरिष्ठ सदस्यों के संबंध में जांच जारी है। सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाकर न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।” हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्या के मामले में दो मुख्य शूटर्स के एनकाउंटर पर अंकित की मां अमरेश ने कहा, "2 आरोपी मारे गए हैं जो आरोपी बचे हैं उन्हें भी पकड़ा जाए। मेरे दूसरे बेटे को नौकरी दी जाए।"
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्या के मामले में दो मुख्य शूटर्स के एनकाउंटर पर अंकित की बहन रीना ने कहा, "हम कार्रवाई से संतुष्ट हैं, लेकिन हमें संतुष्टि तब तक नहीं मिलेगी जब तक मेरे भाई के सभी हत्यारे खत्म नहीं हो जाते। मेरे माता-पिता बुज़ुर्ग हैं। मेरा भाई अंकित परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। मेरे माता-पिता का कोई और सहारा नहीं है। मेरी गुज़ारिश है कि मेरे भाई को नौकरी दी जाए। अंकित के नाम पर एक स्टेडियम बनाया जाए जिसमें उसकी मूर्ति बनाई जाए।"
अंकित बालियान की पत्नी सीमा ने क्या कहा...
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में दो आरोपियों के एनकाउंटर पर, अंकित बालियान की पत्नी सीमा ने कहा, "मुझे अभी-अभी पता चला है। अच्छी बात है कि दो आरोपी मारे गए, लेकिन कुछ आरोपी अभी भी फरार हैं। इसलिए, मैं चाहती हूं कि उन्हें भी जल्द से जल्द पकड़ा जाए। हमें पूरी तरह संतुष्टि तो नहीं मिल पाएगी, लेकिन कम से कम न्याय तो होगा..."
शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने क्या बताया
शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया, "हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद रात को नाकेबंदी का आदेश दिया था। आज सुबह करीब 4 बजे, जब हिजाना के SHO अपने स्टेशन के पास चेकिंग कर रहे थे, तो उन्होंने करनाल की तरफ से आती हुई एक मोटरसाइकिल देखी। उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की। बाइक पर दो अपराधी सवार थे; उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की...इसके बाद मन्ना मादरा पुल पर चेकिंग कर रहे पुलिसबल पर भी बदमाशों ने फायरिंग की। पुलिस से घिरने के बाद इन्होंने पुलिस पर जानलेवा हमला किया। हमारे 2 आरक्षी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 2 बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए जहां उनकी मौत हो गई..."
26 अगस्त को हुई थी हत्या
उल्लेखनीय है कि 26 अगस्त की शाम शामली के आर्यपुरी इलाके में एक जिम के बाहर हमलावरों ने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
पुलिस प्रशासन का कहना है कि दो मुख्य आरोपियों के ढेर होने के बाद अब इस हत्याकांड की मुख्य वजह, हमलावरों के नेटवर्क और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच तेज कर दी गई है.अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं. पुलिस अब हत्या की वजह, हमलावरों के नेटवर्क और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है.
कबड्डी खिलाड़ी से संगीत तक का सफर
अंकित बालियान पूर्व में राज्य स्तर के कबड्डी खिलाड़ी रह चुके थे. पैर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्होंने खेल छोड़ दिया और वर्ष 2022 से हरियाणवी संगीत उद्योग में सक्रिय हुए. उन्होंने 'एक खटोला जेल के भीतर', 'जाट जाटनी' और 'मोदी बरगा रुतबा' जैसे कई लोकप्रिय गानों से अपनी पहचान बनाई.



0 Comments