G NEWS 24 : स्वास्थ्य एवं एनकेप कार्यों में लापरवाही पर अपर आयुक्त ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध वेतन कटौती की कार्रवाई के निर्देश...

स्वास्थ्य एवं एनकेप कार्यों में लापरवाही पर अपर आयुक्त ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर के अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव की अध्यक्षता में गुरुवार को बाल भवन स्थित ऑडिटोरियम हॉल में स्वास्थ्य विभाग एवं नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (छब्।च्) के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।  बैठक में डब्ल्यूएचओ 41 का एक दिन का वेतन काटने सहित वार्ड 1, 14, 15,18,19,29,60 के सुपरवाइजर को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया। 

अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने बैठक में वायु सर्वेक्षण (एयर सर्वे) की समीक्षा की । उन्होंने कहा कि पूर्व में निकाय स्तर पर वायु सर्वेक्षण किया जाता था, जबकि अब नगर निगम के प्रत्येक वार्ड का पृथक-पृथक सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके लिए पोर्टल पर वार्डवार जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रतिदिन होने वाले कचरा संग्रहण, उसके निष्पादन (डिस्पोजल) तथा अन्य आवश्यक जानकारियां पोर्टल पर दर्ज करने संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया।

समीक्षा के दौरान अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने जून माह में जुर्माना वसूली की कार्रवाई में लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी वार्डों में नियमित रूप से चालानी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यदि किसी वार्ड में जुर्माना वसूली की कार्रवाई नहीं की जाती है तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कचरा संग्रहण वाहनों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। 

समीक्षा में सामने आया कि कई वाहन निर्धारित दो ट्रिप भी पूर्ण नहीं कर रहे हैं। इस पर अपर आयुक्त ने संबंधित वाहन चालकों एवं सुपरवाइजरों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने, नाला सफाई कार्यों में तेजी लाने तथा बैठक में अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध वेतन कटौती की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

अपर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय-सीमा में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए शासन की मंशानुसार कार्यों को प्रभावी रूप से पूरा करें। बैठक में उपस्थित मुकेश बंसल नोडल अधिकारी, पुष्पेंद्र श्रीवास्तव नोडल अधिकारी कार्यशाला, वैभव श्रीवास्तव नोडल अधिकारी स्वास्थ्य, एसबीएम, दीपाली पांडे सलाहकार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, अमित सलाहकार एसबीएम, समस्त डिपो प्रभारी, समस्त सहायक डिपो प्रभारी,एएचओ, डब्ल्यूएचओ उपस्थित रहे।

Reactions

Post a Comment

0 Comments