होर्मुज जलडमरूमध्य में 24 घंटे के भीतर तीसरे टैंकर पर हमला हुआ...
होर्मुज में फिर बरसने लगे बम-गोले तीसरे टैंकर पर ड्रोन हमला,ऊर्जा आपूर्ति की बढ़ी चिंता !
दुनिया के अहम ईंधन मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य में 24 घंटे के भीतर तीसरे टैंकर पर हमला हुआ है। ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूकेएमटीओ के मुताबिक, तीसरे जहाज को ड्रोन से निशाना बनाया गया। हालांकि, इसमें कोई घायल नहीं हुआ। होर्मुज जलडमरूमध्य में मंगलवार को तीन टैंकरों को निशाना बनाया गया। यह फारस की खाड़ी के संकरे मार्ग से गुजरने वाले जहाजों पर हुए ताजा हमलों में से एक है। ब्रिटिश सेना ने यह जानकारी दी।
ब्रिटेन के यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने बताया कि तेल परिवहन के लिए बेहद अहम इस समुद्री मार्ग में तीसरे जहाज को ड्रोन से निशाना बनाया गया। इससे पहले मंगलवार को दिन में दो अन्य टैंकरों पर भी हमला किया गया था। यूकेएमटीओ के अनुसार, तीसरे जहाज को मामूली नुकसान पहुंचा है। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है और जहाज अपनी यात्रा जारी रखे हुए है। यूकेटीएमओ इस क्षेत्र में जहाजों की आवाजाही पर नजर रखती है।
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अभी भी बना हुआ है। हालांकि, दोनों देशों के बीच एक अंतरिम समझौता हुआ है। इन हमलों से इस बात की चिंता बढ़ गई है कि इस संकरे समुद्री मार्ग से गुजरने वाले व्यापारिक जहाज फिर से निशाना बन सकते हैं।
पहले भी दो टैंकरों पर हुए थे हमले
यह घटना मंगलवार को पहले हुए दो अलग-अलग हमलों के बाद हुई है। इनमें एक हमला कतर के तरल प्राकृतिक गैस (एलएनजी) जहाज पर हुआ था, जबकि दूसरा हमला सऊदी अरब के झंडे वाले कच्चे तेल के टैंकर को नुकसान पहुंचाने वाला था।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। साथ ही अभी तक समुद्र में प्रदूषण या तेल रिसाव के कोई संकेत नहीं मिले हैं।
यूकेटीएमओ ने कहा कि मामले की जांच जारी है। एजेंसी ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को सतर्क रहने की सलाह दी है। एजेंसी ने जहाजों से कहा है कि वे सावधानी के साथ यात्रा करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी दें। ताजा हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी भी संगठन ने नहीं ली है।


0 Comments