14 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित...
अजा. एवं अजजा. के अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मिलेगी नि:शुल्क कोचिंग !
ग्वालियर। शासकीय संभागीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र, ग्वालियर द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑफलाइन कोचिंग के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 14 जुलाई 2026 तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। कक्षाओं का संचालन 15 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा।
प्राचार्य, शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र ने बताया कि प्रशिक्षण के अंतर्गत एमपीपीएससी (प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा), बैंकिंग, रेलवे, एसएससी, पुलिस, बीमा तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। सामान्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रशिक्षण अवधि 8 माह तथा एमपीपीएससी के लिए 12 माह निर्धारित की गई है।
आवेदन के लिए अभ्यर्थी का मध्यप्रदेश का मूल निवासी तथा अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति वर्ग का सदस्य होना आवश्यक है। परिवार की वार्षिक आय 6 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच हो तथा वह किसी अन्य परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र से पूर्व में प्रशिक्षण प्राप्त न कर चुका हो। कोचिंग के लिए स्नातक उत्तीर्ण होना अनिवार्य है तथा प्रशिक्षण का माध्यम हिन्दी रहेगा।
स्नातक परीक्षा में 55 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार 75 प्रतिशत उपस्थिति के आधार पर प्रतिमाह 2 हजार रुपये आवास सहायता तथा 600 रुपये स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। केन्द्र में स्मार्ट क्लास, कम्प्यूटर लैब एवं पुस्तकालय जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
महिला प्रशिक्षणार्थियों के लिए वर्ष 2026 से छात्रावास सुविधा प्रारंभ किए जाने की संभावना है। छात्रावास में रहने वाली पात्र महिला प्रशिक्षणार्थियों को 75 प्रतिशत उपस्थिति के आधार पर प्रतिमाह 1200 रुपये स्टाइपेंड देय होगा। छात्रावास सुविधा प्राप्त करने वाली महिला प्रशिक्षणार्थियों को आवास सहायता राशि पृथक से देय नहीं होगी।
इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र के साथ हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी की अंकसूची, पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र तथा मूल निवासी प्रमाण-पत्र की स्वप्रमाणित प्रतियां संलग्न कर डाक अथवा कार्यालयीन समय में व्यक्तिगत रूप से प्राचार्य, शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र, शारदा विहार, सिटी सेंटर, न्यू हाईकोर्ट के पास, ग्वालियर में जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन दिवसों एवं समय में दूरभाष क्रमांक 0751-2900883 पर संपर्क किया जा सकता है।


0 Comments