G News 24 : स्वदेशी उत्पादों, स्थानीय उद्यमियों और भारतीय संस्कृति को मिलेगा व्यापक मंच !

 ग्वालियर में 15 दिवसीय स्वदेशी मेला 15 अक्टूबर से...

स्वदेशी उत्पादों, स्थानीय उद्यमियों और भारतीय संस्कृति को मिलेगा व्यापक मंच !


ग्वालियर। स्वदेशी जागरण मंच द्वारा ग्वालियर में 15 दिवसीय स्वदेशी मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों, स्थानीय उद्यमियों, महिलाओं, युवाओं, स्टार्टअप्स तथा भारतीय उत्पाद निर्माताओं को एक व्यापक मंच उपलब्ध कराना और आमजन को स्वदेशी वस्तुओं के प्रति जागरूक करना है।

स्वदेशी जागरण मंच की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर से प्रारंभ होने वाले इस मेले में विभिन्न क्षेत्रों के स्थानीय उत्पादकों, उद्यमियों और कारीगरों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने एवं बाजार उपलब्ध कराने का अवसर मिलेगा। आयोजकों का कहना है कि मेले के माध्यम से स्थानीय उत्पादन, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

ग्वालियर से आगे बढ़ेगा स्वदेशी नेटवर्क

आयोजकों के मुताबिक स्वदेशी मेलों को भविष्य में व्यापक एवं स्थायी स्वरूप देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत एक मजबूत स्वदेशी नेटवर्क विकसित करने की योजना है, ताकि देश के विभिन्न क्षेत्रों के स्थानीय उत्पादकों, उद्यमियों और कारीगरों को निरंतर बाजार उपलब्ध कराया जा सके। इस नेटवर्क का आधार स्वदेशी, गुणवत्ता, स्थिरता, समावेशिता और समुदाय को बनाया गया है।

स्वदेशी जागरण मंच के अनुसार, वर्ष 1991 में संगठन की स्थापना के बाद स्वदेशी उत्पादों और आर्थिक आत्मनिर्भरता को लेकर विभिन्न अभियान चलाए गए। वर्ष 1999 में दिल्ली में स्वदेशी मेले का आयोजन किया गया था। इसके बाद मध्यप्रदेश सहित देशभर में लगभग 100 स्वदेशी मेलों के आयोजन का दावा मंच की ओर से किया गया है।

संचालन समिति गठित

मेले के संचालन के लिए अशोक सिंह जादौन (अध्यक्ष–ग्वालियर मेला प्राधिकरण) को संरक्षक बनाया गया है। वहीं आर.पी. माहेश्वरी एवं भूपेंद्र जैन को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अतिरिक्त राकेश शर्मा, डॉ. नीति पांडे, डॉ. सर्वेश दीक्षित, सुधीर सिंह मढ़ेसिया,श्रीमती रीना गांधी एवं  मुकेश अग्रवाल को सह-संयोजक का दायित्व सौंपा गया है। मेला समिति के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

आयोजकों ने मीडिया प्रतिनिधियों से स्वदेशी मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग की अपील की है। उनका कहना है कि मीडिया के माध्यम से ग्वालियर और आसपास के क्षेत्र के उत्पादकों, उद्यमियों तथा उपभोक्ताओं को इस आयोजन से जोड़ा जा सकता है।

आयोजकों ने कहा कि “स्वदेशी मेला केवल मेला नहीं, बल्कि स्थानीय उत्पाद, स्थानीय उद्यमी, भारतीय संस्कृति और आत्मनिर्भरता को एक मंच पर लाने का अभियान है।”

स्वदेशी जागरण मंच का संदेश है— “स्वदेशी से समृद्धि।”

Reactions

Post a Comment

0 Comments