अंतिम किस्त जमा करने वाले हितग्राहियों को रजिस्ट्री कर स्वामित्व दस्तावेज सौंपे जा रहे हैं...
PM आवास के MIG फ्लैटों के हितग्राहियों को उनके सपनों के घर का कानूनी स्वामित्व मिलना शुरू !
ग्वालियर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत सिरोल स्थित आवासीय परियोजना में अब हितग्राहियों को उनके सपनों के घर का कानूनी स्वामित्व मिलना शुरू हो गया है। नगर निगम ने एमआईजी फ्लैटों की रजिस्ट्री प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। चौथी एवं अंतिम किस्त जमा करने वाले हितग्राहियों के नाम पर रजिस्ट्री कर स्वामित्व दस्तावेज सौंपे जा रहे हैं। वहीं परिसर में बनी सात व्यावसायिक दुकानों की रजिस्ट्रियां भी पूरी कर ली गई हैं।
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने बताया कि सिरोल की फूटी कॉलोनी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए पांच एमआईजी ब्लॉकों में कुल 312 फ्लैट तैयार हैं। सभी फ्लैट पहले ही आवंटित किए जा चुके हैं और अब निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अंतिम किस्त जमा करने वाले हितग्राहियों की रजिस्ट्री की जा रही है, ताकि वे जल्द अपने नए घर में प्रवेश कर सकें।
उन्होंने बताया कि इसी परियोजना के अंतर्गत छह एलआईजी ब्लॉकों में 384 फ्लैटों का निर्माण भी अंतिम चरण में है। सहायक यंत्री मनीष यादव के अनुसार करीब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में फिनिशिंग और रंग-रोगन का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
नगर निगम के अनुसार एमआईजी फ्लैटों के हितग्राहियों ने पहले ही तीन किस्तों का भुगतान कर दिया था। अब चौथी किस्त जमा होने के बाद रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर स्वामित्व दस्तावेज दिए जा रहे हैं। इससे सैकड़ों परिवारों का अपने घर का सपना साकार होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है।
एलआईजी हितग्राहियों को भी जल्द मिलेगी सौगात
सहायक यंत्री मनीष यादव ने बताया कि एलआईजी ब्लॉकों का फिनिशिंग कार्य पूरा होते ही उनके आवंटियों के लिए भी रजिस्ट्री प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। नगर निगम का प्रयास है कि सभी पात्र हितग्राहियों को बिना किसी अनावश्यक देरी के उनके आवास का विधिवत स्वामित्व उपलब्ध कराया जाए।


0 Comments