G News 24 : प्राध्यापक संघ ने 6 सूत्रीय मांगों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर को दिया ज्ञापन !

 प्रांतीय शासकीय महाविद्यालय प्राध्यापक संघ मध्य प्रदेश के ग्वालियर संभाग एवं ग्वालियर जिले के... 

प्राध्यापक संघ ने 6 सूत्रीय मांगों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर को दिया ज्ञापन !

ग्वालियर। प्रांतीय शासकीय महाविद्यालय प्राध्यापक संघ मध्य प्रदेश के ग्वालियर संभाग एवं ग्वालियर जिले के प्राध्यापक, सह प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, लाइब्रेरियन और स्पोर्ट ऑफिसर सहित सभी ने विधानसभा अध्यक्ष मध्यप्रदेश श्री नरेंद्र सिंह तोमर को ज्ञापन सौपकर अपनी मांगों का समाधान करने की माँग की बात की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में डॉ हरिशंकर सिंह कंसाना प्रदेश उपाध्यक्ष, डॉ अर्चना शर्मा संभागीय सह सचिव, डॉ अशोक बरैया जिला अध्यक्ष ग्वालियर, डॉ शिव सिंह जिला अध्यक्ष दतिया, डॉ वेद प्रकाश, डॉ नीरज सिंह क्रीड़ा अधिकारी, डॉ बृजराज सिंह, डॉ प्रदीप भदोरिया, डॉ अनिल शुक्ला, डॉ बलबीर सिंह डॉ विशाल कदम, डॉ जी एस रायपुरिया, डॉ संजय किरार, डॉ पी डी शाक्य, डॉ रामकुमार सहित ३० प्राध्यापक साथी उपस्थित थे। प्राध्यापक संघ की ओर से लंबित मांगों को लेकर 1 जुलाई से कार्यस्थल पर रहकर काली पट्टी लगाकर सांकेतिक प्रदर्शन किया जा रहा है।

शिक्षकों की प्रमुख मांगें निम्नानुसार हैँ –

1. वर्ष 2004 एवं 2005 में नियुक्त बैकलॉग सहायक प्राध्यापकों की परिवीक्षा अवधि नियुक्ति दिनांक से 2 वर्ष में समाप्त कर उन्हें नियमानुसार कैरियर एडवांसमेंट (Career Advancement) का लाभ दिया जाये तथा जिन सहायक प्राध्यापकों ने अभी निर्धारित योग्यता अर्जित नहीं की है, उन्हें वर्ष 2028 तक योग्यता अर्जित करने का अवसर प्रदान किया जाये।

2. क्रीड़ा अधिकारीयों एवं ग्रंथपालों को सहायक प्राध्यापक, सह-प्राध्यापक एवं प्राध्यापक पदनाम दिया जाये तथा उनकी सेवानिवृति की आयु में वृद्धि कर 65 वर्ष की जाये।

3. वर्ष 2009, 2011 व 2019 में नियमितीकरण से वंचित सहायक प्राध्यापकों  की परीवीक्षा अवधि समाप्त की जाये एवं उन्हें कैरियर एडवांसमेंट का लाभ शीघ्र प्रदान किया जाये। 

4. सहायक प्राध्यापकों एवं सह-प्राध्यापकों को पात्रता अनुसार सह-प्राध्यापक एवं प्राध्यापक पदनाम दिया जाये।

5. सेवानिवृत्त शिक्षकों के पेंशन, वेतन निर्धारण, अर्जित अवकाश एवं समूह बीमा भुगतान को प्राथमिकता दी जाये।

6. सामान्य प्रशासन विभाग के नियमानुसार परामर्शदात्री समिति की बैठक शीघ्र आयोजित की जाये। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विगत 10 वर्षों से परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित नहीं की गई है।

प्राध्यापक संघ के संरक्षक डॉ कैलाश त्यागी और प्रदेश अध्यक्ष डॉ आनंद शर्मा के निर्देशानुसार पूरे मध्य प्रदेश में यह मुहिम चलाई जा रही है। प्राध्यापक अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदेश भर के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ जनों से निवेदन कर रहे हैं।

Reactions

Post a Comment

0 Comments