G NEWS 24 :निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर 47 स्वास्थ्य अधिकारियों-कर्मचारियों को नोटिस

निर्धारित समय सीमा में मांगा जवाब...

निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर 47 स्वास्थ्य अधिकारियों-कर्मचारियों को नोटिस !

ग्वालियर। कलेक्टर रुचिका सिंह चौहान के निर्देशन में जिले में स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एम.एस. सागर द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जिले के अंतिम छोर तक रहने वाले हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से अधिकारियों के पांच निरीक्षण दल गठित किए गए थे।

सीएमएचओ डॉ. एम.एस. सागर ने बताया कि ये दल 21 जुलाई 2026 को जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, योजनाओं के संचालन और अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में कई प्रकार की अनियमितताएं एवं लापरवाही सामने आई।

निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों-कर्मचारियों तथा कार्य में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 47 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस प्राप्त करने वालों में 7 चिकित्सक, 2 फार्मासिस्ट, 6 नर्सिंग ऑफिसर सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं। सीएमएचओ डॉ. सागर ने स्पष्ट किया कि संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्धारित समय सीमा में जवाब मांगा गया है। 

यदि संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होता है अथवा जवाब प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण एवं निगरानी की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।

Reactions

Post a Comment

0 Comments