लखनऊ में कोचिंग संस्थान में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद...
शहर में कोचिंग संस्थानों की सख्ती से,सुरक्षा जांच की जा रही है,कमियां पाए जाने पर 4 कोचिंग सील !
ग्वालियर। लखनऊ में कोचिंग संस्थान में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद ग्वालियर प्रशासन ने भी कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक जांच शुरू कर दी है। इसी क्रम में नगर निगम के फायर ब्रिगेड अमले, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने पड़ाव स्थित लक्ष्मीबाई (एमएलबी) कॉलोनी में संचालित कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान फायर सुरक्षा मानकों, फायर एनओसी, आपातकालीन निकास व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रावधानों की जांच की गई। जांच में सुरक्षा संबंधी कमियां पाए जाने पर विज्ञान पथ, वरदान और धाकड़ कोचिंग सहित कुल चार संस्थानों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने भवनों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकलवाकर परिसर का निरीक्षण किया। प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार शहर में बड़ी संख्या में संचालित कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि फूलबाग, चेतकपुरी, थाटीपुर सहित अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार का निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।
लखनऊ की घटना के बाद शुरू हुई यह कार्रवाई केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आगामी जांच में और कितने संस्थान सुरक्षा मानकों पर खरे उतरते हैं तथा किनके विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाती है।


0 Comments