G News 24 : शीशे के 'डेथ ट्रैप' में तब्दील हुआ रेस्टोरेंट,अब तक 21 की मौत !

 दिल्ली का मालवीय नगर अग्निकांड ...

शीशे के 'डेथ ट्रैप' में तब्दील हुआ रेस्टोरेंट,अब तक 21 की मौत !

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली का मालवीय नगर इलाका बुधवार सुबह एक भीषण और हृदयविदारक हादसे का गवाह बना। यहां स्थित 'लेमन ग्रास' रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउस में सुबह करीब 8 बजे अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड ने अब तक 21 लोगों की जिंदगी लील ली है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। शुरुआती जांच में हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग सबसे पहले बेसमेंट या ग्राउंड फ्लोर पर स्थित किचन में लगी, जिसने चंद मिनटों में एलपीजी सिलेंडर और वेंटिलेशन डक्ट के सहारे पूरी ऊपरी मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। 

प्रत्यक्षदर्शियों और दमकल विभाग के मुताबिक, इस हादसे में इतनी बड़ी संख्या में मौतों की मुख्य वजह इमारत का पूरी तरह शीशे (ग्लास फसाड) से पैक होना रही। आग लगते ही जहरीला काला धुआं पूरी तरह से अंदर ही लॉक हो गया। चूंकि इमारत में वेंटिलेशन का कोई दूसरा रास्ता नहीं था, इसलिए धुएं के गुबार ने कमरों में सो रहे और मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं दिया। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने खिड़कियों के भारी शीशे तोड़कर फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक अधिकांश लोग गंभीर रूप से झुलस चुके थे और दम घुटने के कारण अचेत हो चुके थे। 

बता दें कि ठीक तीन महीने पहले दिल्ली के पालम इलाके में भी ऐसा ही अग्निकांड हुआ था, जिसमें 9 लोगों की मौत हुई थी। उस हादसे में भी बहुमंजिला इमारत शीशे से पैक थी, जिससे सबक न लेना आज इस बड़े हादसे की वजह बना। जांच में सामने आया है कि यह प्रतिष्ठान दिल्ली सरकार की 'बेड एंड ब्रेकफास्ट' (BNB) योजना के तहत संचालित हो रहा था। मूल रूप से यह केंद्र सरकार की योजना है, जिसे वर्ष 2010 में दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों (CWG) के दौरान पर्यटकों को ठहराने के लिए लागू किया गया था। इस योजना के नियमों के मुताबिक, छह कमरों तक के आवासीय परिसर को बीएनबी की स्वीकृति दी जाती है, जिसके लिए अग्निशमन विभाग (Fire Dept), एमसीडी (MCD) या स्थानीय पुलिस से किसी विशेष व्यावसायिक एनओसी (NOC) या मंजूरी की आवश्यकता नहीं होती। 

फिलहाल दिल्ली में ऐसे 1000 से अधिक प्रतिष्ठान चल रहे हैं। अब इस हादसे के बाद रिहायशी इलाकों में बिना फायर एनओसी के चल रहे ऐसे गेस्ट हाउसों की सुरक्षा और कानूनी ढील पर बड़े गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस भीषण त्रासदी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' (ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा की दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना के कारण हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। स्थानीय प्रशासन मौके पर राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटा हुआ है। 

इस हृदयविदारक हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर शोक संतप्त परिवारों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति दें। घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। फिलहाल, दिल्ली पुलिस ने लापरवाही और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम (FSL) भी मौके से साक्ष्य जुटा रही है ताकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।

Reactions

Post a Comment

0 Comments