अचानक गेट खुलने से सड़क पर गिरी बाईक और कंटेनर के नीचे आये युवक ...
कार में बैठे शख्स ने अचानक खोला गेट,चली गई 2 बाईक सवारों की जान,तीसरे की हालत गंभीर !
मुरैना। शनिवार को नूराबाद थाना इलाके अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर टेकरी मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने हाईवे के आसपास मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया। इसका दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आ गया है। इस घटना में बाइक सवार 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी थी। शुरूआत में ऐसा लगा था कि पीछे से आ रहे कंटेनर ने बाइक को कुचल दिया है। लेकिन कंटेनर में लगे सीसीटीवी कैमरे (डैशकैम) के वीडियो से खुलासा हुआ है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि हादसा बीच हाईवे पर खड़ी एक कार के ड्राइवर द्वारा लापरवाही से अचानक गेट खोलने की वजह से हुआ था।
शनिवार की शाम लगभग 4 बजे कंटेनर एमपी07-एए-1668 नेशनल हाइवे 44 पर जा रहा था। उसके ठीक आगे बाइक एमपी07-जेडवाय-9466 पर सवार 3 युवक जा रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है कि टेकरी मोड़ के पास बीच हाइवे पर एक कार खड़ी थी। जैसे ही बाइक कार के पास पहुंची। कार सवार ने अचानक अपना गेट खोल दिया। इस गेगट से टकराकर बाइक सवार अपना संतुलन खो बैठे और बेकाबू होकर सड़कर पर गिर गयेग। इस दौरान ठीक पीछे आ रहे कंटेनगर का चालक चाहकर भी कुछ नहीं कर सका और बाइक सवार 2 युवक कंटेनर के पहियों के नीचे आ गये। जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गयी। मृतकों की पहचान राधाकृष्ण लोधी और हिम्मत लोधी के रूप में हुई है।
कार की तलाश में जुटी पुलिस
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई है। अब पुलिस उस अज्ञात कार और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है। नूराबाद थाना प्रभारी एसआई सौरभ पुरी ने बताया कि कंटेनर में लगे कैमरे के वीडियो को जांच में शामिल कर लिया गया है। कंटेनर मालिक को तलब किया गया है और वाहन को जब्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिस कार के कारण यह हादसा हुआ, उसकी अभी पूरी तरह पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन वीडियो में उसके पीछे “मावई” लिखा हुआ नजर आ रहा है। इसके आधार पर पुलिस कार की तलाश कर रही है और जल्द ही आरोपी कार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाईवे के बीचों-बीच कार खड़ी करना और बिना देखे अचानक गेट खोल देना गंभीर लापरवाही है, जिसके कारण दो जानें चली गईं।


0 Comments