G News 24 : ग्वालियर जिले के पंजीकृत श्रमिकों के 0वीं और 8वीं पास बच्चों के लिए सुनहरा मौका !

 'श्रमोदय मॉडल आईटीआई भोपाल' में प्रवेश शुरू, मिलेगा नि:शुल्क आवासीय प्रशिक्षण...

ग्वालियर जिले के पंजीकृत श्रमिकों के 0वीं और 8वीं पास बच्चों के लिए सुनहरा मौका !

ग्वालियर।  मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत पंजीकृत ग्वालियर जिले के श्रमिकों के बच्चों के लिए भी एक सुनहरा अवसर सामने आया है। भोपाल के मुगालिया छाप (नीलबड़) में संचालित प्रतिष्ठित 'श्रमोदय मॉडल आई.टी.आई.' में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस संस्थान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ चयनित विद्यार्थियों को पूरी तरह से निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण (हॉस्टल, भोजन और पढ़ाई) प्रदान किया जाता है।

इन ट्रेड में दिया जायेगा प्रशिक्षण 

जनपद पंचायत मुरार में बीते रोज आयोजित हुई बैठक के दौरान प्रशिक्षण अधिकारी श्री चंद्र प्रकाश ने इस योजना की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि संस्थान में आधुनिक और बाजार की मांग के अनुरूप कई तकनीकी व रोजगारपरक ट्रेड संचालित किए जा रहे हैं। जिनका विवरण इस प्रकार हैं - 

एक वर्षीय कोर्स : वेल्डर, आई.ओ.टी. टेक्नीशियन (स्मार्ट सिटी), फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी और इंटीरियर डिजाइन एंड डेकोरेशन।

दो वर्षीय कोर्स : इलेक्ट्रीशियन, सिविल इंजीनियरिंग असिस्टेंट, टेक्नीशियन मेकाट्रॉनिक्स और एडवांस सीएनसी मशीनिंग टेक्नीशियन।

पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेज 

प्रवेश के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण रखी गई है, जबकि 'वेल्डर' ट्रेड के लिए 8वीं उत्तीर्ण युवा भी आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही, आवेदक के माता या पिता का मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के पोर्टल पर वैध पंजीयन (श्रमिक कार्ड) होना अनिवार्य है।

आवश्यक दस्तावेज : 8वीं/10वीं की अंकसूची, आधार कार्ड, समग्र आईडी, मूल निवासी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, नवीन पासपोर्ट साइज फोटो और संलग्नीकरण प्रमाण पत्र की मूल प्रति।

आवेदन कैसे करें और कहाँ संपर्क करें?

इच्छुक अभ्यर्थी प्रवेश के लिए आधिकारिक पोर्टल https://mpiticounseling.co.in व https://dsd.mp.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी  वेबसाइट www.shramodayamodeliti.com पर उपलब्ध है। साथ ही आधिकारिक संपर्क नंबर 9340429638 व 9424454453 पर भी संपर्क किया जा सकता है। 

Reactions

Post a Comment

0 Comments