सीएम योगी ने टीएमसी को चुनावी मंच से ललकारा...
बंगाल में कठमुल्लापन की संस्कृति नहीं चलने देंगे : सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार (12 अप्रैल) को पश्चिम बंगाल में कई चुनावी रैलियों को संबोधित किया. सीएम योगी ने यहां पर राज्य की टीएमसी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बंगाल में बंगाली ही बोली जाएगी. इसके साथ ही उन्होंने लोगों से राज्य में डबल इंजन की सरकार बनाने की अपील की.
पश्चिम बंगाल में जैसे-जैसे चुनावी तारीख नजदीक आ रही है, सियासी पारा वैसे ही बढ़ता जा रहा है. टीएमसी और बीजेपी के नेता ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं और लोगों को अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुटे हैं. इस कड़ी में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ भी रविवार (12 अप्रैल) को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहे, जहां पर उन्होंने तीन चुनावी रैलियों को संबोधित किया.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक चुनावी जनसभा में ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया. सीएम योगी ने लोगों से राज्य में डबल इंजन की सरकार बनाने की अपील की. उन्होंने बंगाल के कांथी दक्षिण विधान सभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जो कहते हैं कि बंगाल में उर्दू बोली जाएगी, उनसे कह दो-उर्दू जहां बोली जाती है, वहां चले जाएं. बंगाल में बांग्ला ही बोली जाएगी.
सीएम योगी का टीएमसी पर करारा हमला
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान कहा कि आज बंगाल की जो स्थिति है, राजनीतिक हत्याएं हो रही हैं. महिलाओं और बहन बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ हो रहा है. उन्होंने कोलकाता के मेयर का पुराना बयान याद दिलाते हुए कहा कि मुझे हैरान होती है कि जो कोलकाता के मेयर हैं, वह कहते हैं कि यहां की आधी आबादी को ऊर्दू बुलवाएंगे. मैं उनको बताना चाहता हूं कि यहां की जनता बंग्ला बोलेगी. कोई भी बंगाल की संस्कृति के साथ खिलड़वा नहीं कर सकता है.
'बंगाल की संस्कृति के साथ खिड़वाड़ नहीं होना चाहिए'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी के भीतर भी यह ताकत नहीं है कि वह बंगाल की संस्कृति के साथ खिलवाड़ करे. पूरा देश आपके साथ खड़ा है. बंगाल के आन-बान और शान से कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता है. बंगाल में जारी अराजकता को हमें रोकना है और बंगाल में बांगाली ही बोली जाएगी. कठमुल्लापन की संस्कृति यहां पर नहीं चलने देंगे.
बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ का यह बयान कोलकाता के मेयर फिहाद हकीम के एक वायरल वीडियो के संबंध में था. कोलकाता के मेयर का एक वीडियो पिछले दिनो वायरल हुआ था, जिसमें वह कहते सुने गए कि बंगाल में एक दिन ऐसा आएगा, जब आधी आबादी ऊर्दू बोलेगी. हालांकि, यह पुष्टि नहीं हो सकी थी कि यह वीडियो कब का है और कहा का है.
सीएम ने कहा- बीजेपी के आते ही अपराध खत्म होंगे
सीएम योगी आदित्यनाथ ने चुनावी जनसभा में कहा कि उत्तर प्रदेश में जबसे बीजेपी की सरकार है, वहां न तो दंगे हुए हैं और न ही कर्फ्यू लगा है. इसके अलावा माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई है. यूपी में किसी भी समुदाय का तुष्टिकरण नहीं किया जाता है. सभी के लिए समान न्याय सुनिश्चित किया जाता है. बता दें कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान है और चुनावी परिणाम 4 मई को आएंगे.

0 Comments