G News 24 : चिल्ड्रन बुक सेलर एसोसिएशन के लोग पुस्तक मेला में आने वाली कठिनाईयों को लेकर हैं परेशान !

पुस्तकों  के विक्रय के लिए व्यापारियों को पुस्तक मेला में आने के लिए बाध्य नहीं किया जावे...

चिल्ड्रन बुक सेलर एसोसिएशन के लोग पुस्तक मेला में आने वाली कठिनाईयों को लेकर हैं परेशान  !

ग्वालियर। ग्वालियर डिवीजन चिल्ड्रन बुक सेलर एसोसिएशन के अध्यक्ष- धनराज सेवानी, सचिव अनूप सिंघल के साथ व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमण्डल चेम्बर के पदाधिकारियों से मिला। प्रतिनिधिमण्डल ने जिला प्रशासन द्बारा आयोजित पुस्तक मेला में आने वाली व्यवहारिक कठिनाईयों से अवगत कराया। इन व्यवहारिक कठिनाईयों में अधिकांश दुकानदार व्यापार करने वाला इकलौता संचालक है और दुकान से वह व्यापार संचालित करता है। 

 मेला में यदि दुकान लगाता है तब दुकान संचालित करना एवं मेले में दुकान लगाना दोनों संभव नहीं हो पायेगा।  इसके साथ ही सारा स्टॉक अस्थायी रूप से मेले में लेना जाना और वहां वैरायटी वाइज सामग्री एक या दो दुकान में नहीं रखा जा सकेगा।  इसके साथ ही असुरक्षा जिसमें चोरी, अग्नि एवं पानी का भी भय बना रहता है।  इसके साथ ही वर्तमान में जो व्यवस्था है, उसमें कोई भी किताब किसी एक ही दुकान पर मिलेगी ऐसा नहीं है। कोई भी ग्राहक कहीं से भी किताब खरीद सकता है| तब ऐसी अवस्था में मोनोपॉली जैसी कोई चीज नहीं है। 

व्यापारियों ने यह भी बताया कि जिला प्रशासन की मंशा प्रत्येक ग्राहक को डिस्काउंट दिलाने, पुस्तक  खरीदने के लिए किसी भी प्रकार की बाध्यता नहीं रखने और कोई किताब किसी विशेष दुकान से खरीदने के लिये बाध्य नहीं हो, यह हो सकती है।  हम इसमें सहयोग करने को तैयार हैं। 

हम अपनी दुकान की प्रमुख जगह पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा एक बोर्ड डिस्पले करेंगे जिसमें पुस्तक स्टेशनरी एवं ड्रेस खरीदने पर मिलने वाले डिस्काउंट को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करेंगे। इसके साथ ही ग्राहक कोई भी किताब किसी विशेष दुकान से खरीदने के लिए बाध्य नहीं है, यह भी अंकित करेंगे और किताबों में भी जो किताब ग्राहक खरीदना चाहेगा, वही उपलब्ध कराई जायेगी, उसे खरीदने के किसी अन्य वस्तु को खरीदने की बाध्यता नहीं रखी जायेगी, इसको भी अंकित करेंगे। 

अंकित करने के बाद जिला प्रशासन की मंशा भी पूरी होगी और ग्राहकों को आसानी से पुस्तक सामग्री उपलब्ध होगी| चर्चा में यह भी आया कि व्यापार मेला में जब पिछली बार यह प्रयास किया गया था तो अधिकांश अभिभावक इस बात से असंतुष्ट नजर आये थे कि हमें पुस्तक खरीदने के लिए इतनी दूर आना पड़ा, जबकि हम पुस्तक विक्रेतागण शहर के कई दुकानदारों का साथ लेकर ग्राहक को नजदीकी सेंटर से पुस्तक एवं स्टेशनरी उपलब्ध कराने का कार्य करते हैं। 

व्यापारियों का पक्ष जानने के बाद अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल एवं मानसेवी संयुक्त सचिव-पवन कुमार अग्रवाल ने कहा कि आपकी पीड़ा को चेम्बर से अच्छे से समझ रहा है और होने वाली परेशानियों को जिला प्रशासन को अवगत कराकर इसका हल निकलवाने का प्रयास किया जायेगा।  और किसी भी पुस्तक एवं स्टेशनरी विक्रेता को उस पुस्तक मेला में भाग लेने के लिए अनावश्यक दबाव डालकर बाध्य नहीं किया जाये, यह सुनिश्चित किया जायेगा| जिला प्रशासन से यह भी आग्रह किया जायेगा कि व्यापारी डिस्प्ले करके पालकों को जो सुविधायें दे रहे हैं, उसकी एक मॉनिटरिंग टीम बनाकर मॉनीटरिंग की जा सकती है और उस मॉनिटरिंग टीम में व्यापारियों का प्रतिनिधित्व भी होना चाहिए।  चेम्बर शीघ्र ही इस प्रस्ताव को जिला प्रशासन के समक्ष रखकर सकारात्मक निर्णय करायेगा। प्रतिनिधिमण्डल में सुनील जैन, अतुल सिंह, विकास गुप्ता, श्याम गंभीर, रूपेश भूरानी, सचिन अग्रवाल आदि शामिल थे । 

Reactions

Post a Comment

0 Comments