अहमदाबाद क्राइम ब्रांच और साइबर क्राइम यूनिट ने लिया एक्शन ...
दबोचा गया 'डिजिटल धमकियां' भेजने वाला मास्टरमाइंड,देशभर में भेजता था धमाके वाला ईमेल !
देशभर में बीते कुछ दिनों से फर्जी बम धमकी वाले ईमेल भेजे जा रहे थे. अब अहमदाबाद क्राइम ब्रांच और साइबर क्राइम यूनिट ने इसके मुख्य संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है.हाल के दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में फर्जी बम धमकी भरे ईमेल भेजे जा रहे थे. अब इसको लेकर अहमदाबाद क्राइम ब्रांच और साइबर क्राइम यूनिट ने एक्शन ले लिया है. इन ईमेल्स के पीछे के मुख्य संदिग्ध को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी का नाम सौरभ बिस्वास है, जिसे पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया. उसपर कई स्कूलों और न्यायिक अदालतों को धमकी भरे ईमेल भेजने का आरोप है. सौरभ बिस्वास इन धमकियों का मुख्य सूत्रधार बताया जा रहा है.
कहां-कहां भेजा गया धमकी वाला ईमेल?
कुछ दिनों से धमकी वाले ईमेल देश के अलग-अलग जगहों पर भेजे गए हैं. 2 मार्च 2026 को दिल्ली के आर्मी पब्लिक स्कूल, सलवान पब्लिक स्कूल, सरदार पटेल विद्यालय, जैसे 6 स्कूलों और एक्सिस बैंक, SBI की ब्रांच जैसे 3 बैंकों को धमकी भरे ईमेल मिले. वहीं 2 मार्च को ही भोपाल और गोवा में भी ऐसे फर्जी ईमेल आए. इनमें भोपाल का AIIMS, एक यूनिवर्सिटी, GPO और रीजनल पासपोर्ट ऑफिस शामिल हैं. वहीं गोवा के पासपोर्ट भवन में भी ऐसे ईमेल मिलने पर बिल्डिंग को खाली कराया गया. वहीं हैरदाबाद, चंडीगढ़ और पंजाब में भी ऐसे धमकी वाले ईमेल आए हैं.
स्पेशल क्राइम यूनिट ने की गिरफ्तारी
स्पेशल क्राइम यूनिट की इस खास ऑपरेशन के तहत आरोपी सौरभ बिस्वास को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया. इन डिजिटल धमकियों के मुख्य सूत्रधार सौरभ बिस्वास ने हाल ही के दिनों में कई स्कूलों और न्यायिक अदालतों को धमकी भरे ईमेल भेजे थे, जिससे जनता में दहशत फैल गई थी. आपको बता दें, ये पूरा अभियान पुलिस कमिश्नर जी.एस. मलिक के गाइडेंस और सुपरविजन में चलाया गया. ज्वाइंट कमिशनर शरद सिंघल ने संदिग्ध का पता लगाने और उसे पकड़ने के लिए जरूरी रणनीतिक नेतृत्व प्रदान किया.
साइबर एक्सपर्ट की जांच जारी
इस खास ऑपरेशन के तहत आरोपी सौरभ बिस्वास को पश्चिम बंगाल में गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद, उसे सफलतापूर्वक अहमदाबाद लाया गया और वर्तमान में वह पुलिस की हिरासत में है. वहीं साइबर एक्सपर्ट आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं, जिससे ईमेल भेजने के पीछे की पूरी जानकारी का पता लगाया जा सके. साइबर एक्सपर्ट उन टेक्निकल मेथड्स का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसकी मदद से सुरक्षा प्रोटोकॉल को दरकिनार करने ईमेल भेजे गए हैं.










0 Comments